ठाणे. मुंबई-अहमदाबाद हाईवे पर आज तड़के एक भीषण सड़क हादसा हुआ। इस हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 14 लोग बुरी तरह से जख्मी हुए हैं। जानकारी के मुताबिक कुदे गांव के समीप एक लग्जरी बस डीजल के एक टैंकर से टकरा गई, जिससे बस में आग लग गई। यह बस पुणे से अहमदाबाद जा रही थी।
पुलिस के मुताबिक ये दुर्घटना 1 बजकर 45 मिनट पर हुई है। टैंकर बीपीसीएल का था और डीजल लेकर गुजरात के हजीरा की ओर जा रहा था। पुलिस ने बताया कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों में तत्काल आग लग गई। शुरुआती रिपोर्ट के अनुसार, हादसे में मारे गए सभी लोग बस में सवार थे।
अब तक किसी भी शव की पहचान नहीं की जा सकी है। आग लगने की वजह से शव बुरी तरह जल चुके हैं। ठाणे के जिला कलेक्टर पी वेलरासु ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। जिल प्रशासन अब बस चालक से संपर्क में है, ताकि बस यात्रियों के नाम का पता चल सके।
वेलरासु ने बताया कि प्रशासन पीड़ितों की पहचान बावत हर संभव कोशिश में लगा हुआ है। मृतकों की पहचान की पुष्टि के तुरंत बाद उनके परिजनों को सूचित कर दिया जाएगा। हादसे में सभी घायलों को मनौर ग्रामीण अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
अधिकारियों ने बताया कि आसपास के इलाकों से आए दमकल वाहनों ने आग पर काबू पा लिया है। इसके अलावा जिला और पुलिस अधिकारी राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। गौरतलब है कि 29 मई 2013 को इसी जगह एक लग्जरी बस और टैंकर की टक्कर हुई थी। तब 14 लोग मारे गए थे, जबकि 40 घायल हुए थे।