नई दिल्ली. राजधानी की एक निचली अदालत ने पूर्व दूरसंचार मंत्री कपिल सिब्बल के बेटे अमित सिब्बल की मानहानि याचिका पर दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री
अरविंद केजरीवाल एवं तीन अन्य के खिलाफ आरोप तय कर दिए हैं। मेट्रोपालिटन मजिस्ट्रेट सुनील कुमार शर्मा ने केजरीवाल, पूर्व मंत्री मनीष सिसौदिया, आम आदमी पार्टी (आप) नेता प्रशांत भूषण एवं शाजिया इल्मी के खिलाफ आरोप तय किए हैं। अदालत इस मामले में 17 जनवरी 2015 से गवाहों के बयान दर्ज करना शुरू करेगी।
क्या है मामला-
जूनियर सिब्बल ने चारों के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर किया था। केजरीवाल ने 2013 में एक संवाददाता सम्मेलन में कहा था कि कपिल सिब्बल जब दूर संचार मंत्री थे, तब अमित सिब्बल ने सुप्रीम कोर्ट में वोडाफोन की पैरवी की थी। इस संवाददाता सम्मेलन में सिसौदिया, भूषण एवं इल्मी भी मौजूद थीं। हालांकि इल्मी ने अब पार्टी छोड़ दी है।