बेंगलुरू/वाराणसी. पुलिस के प्रतिबंध के बावजूद बेंगलुरू में विराट हिंदू समाजोत्सव में विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने विवादित नेता प्रवीण तोगड़िया के भाषण का वीडियो चला कर विवाद खड़ा कर दिया है। वहीं रविवार को बीजेपी सांसद महंत आदित्यनाथ की मौजूदगी में विहिप के कार्यक्रम में एक नेता ने मजलिस ए इत्तेहाद मुस्लिमीन (एमआईएम) के अध्यक्ष असदुद्दीन औवेसी को गाली दी।
रविवार को बेंगलुरू के नेशनल कॉलेज ग्राउंड्स में हुए इस कार्यक्रम में तोगड़िया बैन के चलते नहीं गए। पुलिस को डर था कि वह ऑडियो-वीडियो के जरिए कार्यक्रम को संबोधित करेंगे, इसलिए पहले ही पुलिस ने भाषण का वीडियो चलाने पर भी रोक लगा दिया था। इसके बावजूद कार्यक्रम में तोगड़िया के भाषण का वीडियो प्ले किया गया। जब तक पुलिस ने इसे रोका, तब तक 12 मिनट का वीडियो प्ले हो गया था।
वीडियो भाषण रोकने के लिए पुलिस को करनी पड़ी मशक्कत
बैन के बावजूद प्रवीण तोगड़िया का वीडियो भाषण चलाए जाने से पुलिस और वहां पहुंचे सभी लोग आश्चर्य चकित रह गए। आनन फानन में पुलिस ने वीडियो भाषण रोकने की कोशिश की और इसके लिए तकनीकी मदद ली और प्रोजेक्टर को बंद किया गया तब जा कर कहीं वीडियो का प्रसारण रोका जा सका। जब तक भाषण बंद होता उससे पहले इसका 12 मिनट तक प्रसारण हो चुका था।
बता दें कि कर्नाटक हाईकोर्ट के आदेश के बाद पुलिस ने तोगड़िया के बेंगलुरू में आने पर रोक लगा रखी है। यही नहीं पुलिस ने वीएचपी को अपने कार्यक्रम में तोगड़िया का वीडियो या ऑडियो भाषण चलाने से भी मना किया था।
कार्यक्रम के अंत में चलाया गया भाषण
ड्रामा उस वक्त शुरू हुआ जब कार्यक्रम खत्म होने वाला था और धन्यवाद ज्ञापन का भाषण दिया जा चुका था। मंच पर बीजेपी और आरएसएस के नेता मौजूद थे और अचानक तोगड़िया का वीडियो भाषण प्रोजेक्टर पर प्रसारित होने लगा। कहा जा रहा है कि वीएचपी की कर्नाटक यूनिट के कुछ विश्वसनीय लोगों को 20 मिनट का वीडियो चलाने की जिम्मेदारी दी गई थी। वीडियो भाषण में एक और आश्चर्यजनक बात सामने आई कि तोगड़िया विवादास्पद बयान देने के बजाए धीमे स्वर में छूआछूत जैसी कुरीतियों को लेकर बोल रहे थे। प्रतिबंध के आदेश को तानाशाही फासीवादी आदेश बताते हुए तोगड़िया ने विहिप के एकता के मुद्दे पर विस्तार से बोला। उन्होंने अपने भाषण में कहा,' विहिप समाज में एकता लाने के लिए प्रयासरत है। सभी एक कुएं पर पानी पी सकें, गांवों-शहरों में सभी मंदिरों में समाज का हर वर्ग जा सके। ऐसा प्रयास किया जा रहा है। सभी हिंदू को भोजन मिलना चाहिए। इसके लिए प्रत्येक हिंदू को गरीब हिंदू को अनाज दान करना चाहिए। गरीब हिंदू के बच्चों की शिक्षा के लिए एक से लेकर 100 रुपए तक का रोज दान देना होगा। जो हिंदू परिवार समृद्ध हैं वे कम से कम एक या 10 गरीब बच्चों की शिक्षा और पालन पोषण का भार उठाएं। ऐसा करने से ही पूरा हिंदू समाज समृद्ध होगा।'
घर वापसी जारी रहेगी
इस बीच तोगड़िया ने इस बात का भी एलान किया की घर वापसी जारी रहेगी। उन्होंने कहा, 'किसी भी कीमत पर यूनिफार्म सिविल कोड लागू किया जाना चाहिए।'
हिंदू फैमिली फ्रेंड कैंपेन का एलान
इस मौके पर अपने वीडियो भाषण में तोगड़िया ने हिंदू फैमिली फ्रेंड कैंपेन का एलान किया जहां प्रत्येक हिंदू परिवार अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजातियों के परिवार से दोस्ती करेगा। दोनों वर्ग के हिंदू परिवार एक साथ मिलकर पर्व-त्योहार मनाए, साथ खाना खाएं और एक दूसरे के सुख-दुख में एक दूसरे का साथ देंगे।
वेबसाइट ने किया था दावा, किसी भी कीमत पर बोलेंगे तोगड़िया
कार्यक्रम में वीडियो भाषण चलाए जाने की योजना पहले ही बना ली गई थी। कर्नाटक में आरएसएस के मीडिया सेंटर विश्व संवाद केंद्र द्वारा संचिलात वेबसाइट samvada.org ने 6 फरवरी को ही दावा किया था कि पुलिस ने भले ही तोगड़िया के प्रवेश पर पांच से सात फरवरी तक प्रतिबंध लगा दिया हो लेकिन वह हिंदू समाजोत्सव को आठ फरवरी शाम चार बजे संबोधित करेंगे।
पुलिस आयुक्त एमएऩ रेड्डी ने शनिवार को ही वीएचपी के आयोजक सचिव केशव हेगड़े को निर्देश दिया था कि कार्यक्रम में तोगड़िया का कोई ऑडियो या वीडियो भाषण न चलाया जाए। हालांकि पुलिस ने अभी तक इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं की है, लेकिन मौके पर मौजूद कुछ वीएचपी नेताओं को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।