नई दिल्ली. कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने सरकारी संस्थाओं को तोता, मुर्गा कहे जाने पर सवाल उठाए हैं। सोमवार को उन्होंने सुप्रीम कोर्ट की उस टिप्पणी पर सवाल उठाए हैं जिसमें उसने सीबीआई को रेलगेट की सुनवाई के दौरान तोता कहा था। कुछ दिनों पहले कैट की बेंगलुरु बेंच ने आईबी को चिकन कहा था। कांग्रेस ने उनके बयान को जायज बताया है। कांग्रेस महासचिव ने कहा, ‘मेरा सवाल है कि क्या इससे लोगों के बीच हम अपने संस्थानों की हैसियत नहीं घटा रहे हैं। यह ठीक नहीं है’। इसके साथ ही उन्होंने पत्रकारों से कहा ‘मैं चाहता हूं आप जवाब दें। मेरा आपसे आग्रह है कि आप उन सब तक पहुंचें जो हमारी संस्थाओं को मुर्गा और तोता कहते हैं। उनकी भी प्रतिक्रिया लें।’ उन्होंने कहा कि वे कोर्ट का सम्मान करते हैं। अपने राजनीतिक करियर के दौरान कभी भी कोर्ट की साख को कम नहीं होने दी।
उधर, कांग्रेस प्रवक्ता मीम अफजल ने कहा कि कांग्रेस महासचिव अनुभवी नेता हैं। उन्होंने सोच समझकर टिप्पणी की होगी। हालांकि उन्होंने कहा कि वे सभी अदालतों का सम्मान करते हैं। इसका असर भी दिखाई दिया है। उनका इशारा दो मंत्रियों अश्विनी कुमार और रेलमंत्री पवन कुमार बंसल के इस्तीफे की तरफ था।
सोच समझकर कोर्ट पर करें टिप्पणी : रविशंकर प्रसाद
भाजपा नेता रविशंकर प्रसाद ने कहा वे (दिग्विजय सिंह) सोच समझकर कोर्ट पर टिप्पणी करें। क्योंकि यूपीए सरकार के कार्यकाल के दौरान लगातार घोटाले हो रहे हैं। सीबीआई की साख को सरकार की वजह से ही नुकसान हुआ है। उसकी वजह से वह निष्पक्ष जांच नहीं कर पा रही है।