प्रतीकात्मक फोटो।
चंडीगढ़. हरियाणा में होने वाले विधानसभा चुनावों में वोट मांगने निकले नेताओं के सामने वोटर एक नई तरह की फरमाइश रख रहे हैं। जींद जिले के वोटरों ने नेताओं से दुल्हन की मांग की है। उन्होंने साफ कर दिया है कि वे वोट उसी को देंगे, जो उन्हें दुल्हन दिलाएगा। इसके अलावा, ऐसे लोगों ने जींद कुंवारा यूनियन की स्थापना भी की है, ताकि वे अपनी मांगों को ज्यादा मजबूती से उठा सकें। खास बात यह है कि इस यूनियन की मांग को स्थानीय खाप पंचायतों ने भी समर्थन दिया है। बता दें कि जींद में लिंगानुपात 1000 पुरुषों पर 827 महिलाओं का है। वहीं, हरियाणा का लिंगानुपात 1000:843 का है। बता दें कि बीजेपी नेता ओपी धनकड़ ने कुछ दिन पहले यह कहकर विवाद खड़ा कर दिया था कि उनकी पार्टी कुंवारे लोगों के लिए बिहार से दुल्हन लाकर देगी।
एक अंग्रेजी अखबार में छपी खबर के मुताबिक, जींद कुंवारा यूनियन के प्रदीप सिंह ने कहा कि बहुत सारे युवाओं की शादियां नहीं हुई हैं। वो इस तरह की डिमांड कर रहे हैं। हालांकि, उन्होंने कुंवारे युवकों की वास्तविक संख्या जाहिर नहीं की। बता दें कि शादी न होने की समस्या यहां सिर्फ गरीब परिवारों के युवाओं तक ही सीमित नहीं है। इसके अलावा, नेताओं से वोटरों की इस अजीबोगरीब डिमांड की एक वजह और भी है। यहां शादी कराने के लिए मैरिज ब्यूरो तो हैं, लेकिन वे इसके लिए अच्छी खासी रकम वसूलते हैं।
आगे पढ़ें कांग्रेस ने घोषित किए उम्मीदवार, जानिए कहां से किसे उतारा...