नई दिल्ली. आम आदमी पार्टी के नेता और मंचीय कवि कुमार विश्वास ने मलयाली नर्सों पर
अभद्र टिप्पणी के लिए माफी मांग ली है। उन्होंने कहा- अगर मेरे शब्दों से मेरे दोस्तों की भावनाओं को ठेस पहुंची है, तो मैं उसके लिए दिल की गहराइयों से क्षमा मांगता हूं। उन्होंने कहा- केरल की नर्सों के बारे में मैंने कवि सम्मेलन के दौरान बातें कही थीं। उस वक्त मैं जोक्स सुना रहा था और मेरा मकसद किसी की
भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं था। हालांकि, कुमार विश्वास ने उनके कवि सम्मेलनों के वीडियो को लेकर बार-बार उठ रहे विवादों पर पलटवार भी किया। उन्होंने भाजपा, कांग्रेस के नेता और पूर्व बॉलीवुड एक्टर शत्रुघ्न सिन्हा व राज बब्बर पर निशाना साधते हुए कहा कि क्या ये दोनों एक्टर फिल्मों में किए गए रेप सीन्स के लिए माफी मांगेंगे?
विश्वास ने कहा- कवि सम्मेलनों के मंच पर कही गई बातों को लेकर मेरी राजनीतिक जवाबदेही तय किया जाना सही नहीं है। हाल ही में कुमार विश्वास का एक वीडियो सामने आया था, जिसमें वह केरल की नर्सों का मजाक उड़ाते दिख रहे थे। विश्वास का यह वीडियो 2008 का है, जिसके सामने आने के बाद यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कोच्चि स्थित 'आप' के दफ्तर में तोड़फोड़ कर दी थी। बुधवार को बेंगलुरु में भी कुमार विश्वास की टिप्प्णी के खिलाफ प्रदर्शन किया गया। हाल ही में 'आप' की सदस्यता लेने वाली मशहूर मलयाली लेखिका सारा जोसफ ने भी कुमार विश्वास की टिप्पणी पर नाराजगी जताई थी। गौरतलब है कि कुमार विश्वास के कई वीडियो इन दिनों विवादों में घिरे हैं। उन पर हिंदू और मुस्लिमों की भावनाओं को ठेस पहुंचाने के संबंध में
कई केस दर्ज हो चुके हैं। इस मुद्दे को लेकर लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान विश्वास पर अंडा भी फेंका गया था।
आगे पढ़ें, मलयाली नर्सों के बारे में क्या बोले थे कुमार विश्वास