पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • India’s Mangalyaan Sends First Picture Back From Mars

मंगलयान ने भेजी पहली तस्वीर, पीएम को दिखाने दिल्ली पहुंचे इसरो चेयरमैन राधाकृष्णन

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
(मंगलयान द्वारा भेजी गई पहली तस्वीर प्रधानमंत्री को सौंपते इसरो चेयरमैन राधाकृष्णन)
नई दिल्ली. मंगल की कक्षा में भारतीय तिरंगे को बुलंद करने वाले मंगलयान ने अपना काम शुरू कर दिया है। मंगलयान ने गुरुवार को लाल ग्रह की पहली तस्वीर भेजी, जिसे इसरो ने सार्वजनिक किया। इसके बाद इसरो चेयरमैन के.राधाकृष्णन और मंगलयान मिशन से जुड़े अंतरिक्ष वैज्ञानिकों के एक दल ने प्रधानमंत्री को यह तस्वीर भेंट की। मंगलयान को बुधवार को मंगल की कक्षा में स्थापित किया गया था और इस अवसर पर मोदी भी वैज्ञानिकों का उत्साह बढ़ाने के लिए बेंगलुरु में मौजूद थे।
इसरो ने अपने फेसबुक पेज और टि्वटर अकाउंट पर तस्वीर जारी करते हुए बताया है कि मंगलयान ने यह तस्वीर 7300 किमी की ऊंचाई से खींची हैं, जिसके लिए 376 एम स्पेशल रिज़ाल्यूशन का इस्तेमाल किया गया। इसमें मंगल की सतह पथरीली ओर बंजर दिख रही है।
ओबामा को तस्वीर भेंट कर सकते हैं मोदी
प्रधानमंत्री मोदी गुरुवार को अमेरिका दौरे पर जा रहे हैं और उससे पहले मंगल की पहली तस्वीर उन्हें सौंपा जाना खासा महत्व रखता है। सूत्रों के मुताबिक, मंगल की पहली तस्वीर मोदी ओबामा को भेंट भी कर सकते हैं। बता दें मंगल यान और भारत की इस सफलता को अमेरिका ने भी काफी सराहा था।

अभी और भी तस्वीरें दिखेंगी-
मंगलयान द्वारा भेजी गई इस पहली तस्वीर के अलावा और भी कई तस्वीरें यान ने इसरो के कंट्रोल सेंटर को भेजी हैं। इन तस्वीरों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भेंट करने इसरो के चेयरमैन के.राधाकृष्णन दिल्ली पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि दोपहर बाद इसरो बाकी तस्वीरें भी जारी कर देगा।
इसरो के वैज्ञानिकों के मुताबिक, मार्स आर्बिटर मिशन (MOM) ने लालग्रह की तस्वीरें बुधवार रात से ही भेजनी शुरू कर दी थी। इसरो के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, 'तस्वीरें क्लिक की गई हैं, डाटा डाउनलोड किया जा रहा है, प्रक्रिया जारी है।' अधिकारी ने मंगलय़ान के बेहतर ढंग से काम करने की भी पुष्टि की।

वाकई नजारा शानदार है-
मंगलयान ने तस्वीर भेजने के साथ ही कहा था कि यहां से मंगल का शानदार नजारा दिख रहा है। प्रधानमंत्री ने भी इस ट्वीट पर टिप्पणी करते हुए कहा 'मैं भी इस बात से सहमत हूं कि वहां नजारा वास्तव में शानदार है।'
आगे देखें इसरो के टि्वटर अकाउंट पर जारी पहली फोटो