पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

डीजल को नियंत्रण मुक्त करने का समय आ गयाः राजन

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
मुंबई. रिजर्व बैंक गवर्नर रघुराम राजन ने कहा है कि डीजल की कीमत को सरकारी नियंत्रण से मुक्त करने का समय आ गया है और सरकार को अंतरर्राष्ट्रीय बाजार में दामों में आई गिरावट को देखते हुए इसे प्रशासनिक मूल्य प्रणाली से अलग कर देना चाहिए। सरकार ने पिछले साल जनवरी में डीजल पर अंडर रिकवरी को कम करने के लिए तेल डिस्ट्रीब्यूशन कंपनियों को हर माह 50 पैसे प्रति लीटर तक दाम बढ़ाने की छूट दी थी।

अंतर्राष्ट्रीय बाजार में दामों में आई गिरावट से एक सितबंर से शुरु हुए पखवाड़े में डीजल पर अंडर रिकवरी 8 पैसे प्रति लीटर रह गई थी।

डॉ. राजन ने कहा कि डीजल की कीमत को नियंत्रण मुक्त करने से तेल डिस्ट्रीब्यूशन कंपनियों को इसे अंतरर्राष्ट्रीय बाजार में तेल कीमतों के अनुरूप बदलने का अधिकार मिलेगा। तेल डिस्ट्रीब्यूशन कंपनियों को पेट्रोल के दाम तय करने का पूरा अधिकार पहले ही दे दिया गया था और तब से वह अंतरर्राष्ट्रीय बाजार में कीमतों के अनुरुप इसमें हर पखवाडे घटबढ़ करती हैं।

नरेन्द्र मोदी सरकार की जनधन योजना को अच्छी बताते हुए डॉ. राजन ने कहा कि केवल नंबर बढ़ाने पर जोर नहीं देकर इसका लाभ सभी को मिले यह लक्ष्य होना चाहिए। अर्थव्यवस्था का जिक्र करते हुए डॉ. राजन ने कहा कि वृहद तौर पर इसमें सुधार हो रहा है। मुद्रास्फीति हमारे लक्ष्य के अनुरूप नीचे आ रही है। उन्होंने कहा कि निवेश को बढ़ाने की जरुरत है। शुक्रवार को आए औद्योगिक उत्पादन और महंगाई के आंकड़ों का जिक्र करते हुए डॉ. राजन ने कहा कि इसे देखकर ऐसा लगता है रिकवरी असंतुलित है।