पटना. राज्यसभा चुनाव में टिकट को लेकर जदयू में
बगावत हो गई है। वरिष्ठ नेता शिवानंद तिवारी ने बिहार के मुख्यमंत्री
नीतीश कुमार के खिलाफ
मोर्चा खोल दिया है। तिवारी ने कहा, ‘मैं अच्छे से जानता हूं कि नीतीश मुझे हराने के लिए
लोकसभा चुनाव लड़ने को कह रहे हैं। दुश्मनी मुझसे थी तो बाकी दो की बलि क्यों ली?’ तिवारी का इशारा साबिर अली और एनके सिंह की ओर था। इन दोनों को भी पार्टी ने राज्यसभा का टिकट नहीं दिया है। जदयू ने शिवानंद तिवारी को बक्सर, एनके सिंह को बांका और साबिर अली को शिवहर से
लोकसभा चुनाव लड़ने को कहा है। साबिर अली तैयार हैं। एनके सिंह अब तक कुछ तय नहीं कर पा रहे हैं। शिवानंद ने इस बात का जिक्र जदयू के प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह को लिखे पत्र में भी किया है। उन्होंने कहा, ‘जब हम
एनडीए से निकले थे, तभी मैंने कहा था कि मैं चुनाव नहीं लड़ना चाहता। यदि
मुख्यमंत्री के मन में यह बात थी तो उस समय क्यों नहीं कहा गया कि चुनाव लड़ना होगा। फैसला सुनाने का अंदाज और तेवर चुनाव जिताने वाला था या हराने वाला?’
नीतीश में इंसानियत होती तो साबिर का टिकट नहीं काटते
तिवारी ने लिखा है कि साबिर को तो रामविलास पासवान ने राज्यसभा भेजा था। उनका वही टर्म समाप्त हो रहा है। दोबारा राज्यसभा में भेजने की शर्त पर ही वह हमारे साथ आए थे। नीतीश में जरा भी इंसानियत होती तो साबिर का टिकट नहीं काटते।
तिवारी ने वशिष्ठ नारायण सिंह पर भी कटाक्ष करते हुए कहा कि लगता है आपकी स्मरणशक्ति पर भी उम्र का असर समय से पहले पड़ने लगा है। 22 जनवरी की रात साढ़े नौ बजे आपने मुझे नीतीश का फरमान सुनाया था कि मुझे बक्सर से चुनाव लड़ना है। बिना देर किए मैंने बता दिया था कि मैं चुनाव नहीं लड़ूंगा। दूसरे दिन कर्पूरी जयंती जयंती समारोह में नीतीश ने चुनौती भरे लहजे में कहा कि जो लोग कहते हैं कि पार्टी कमजोर है वे चुनाव लड़कर दिखाएं। तिवारी ने लिखा है कि जिस ढंग से पार्टी चलायी जा रही है उससे
पार्टी कमजोर हो रही है।
किसने क्या कहा
अभी तो यह शुरुआत है
'जो नफरत की हद तक मुझे नापसंद करता है। मुझे काटने के लिए दो निर्दोषों का वध कर सकता है, उसकी ओर से चुनाव कैसे लड़ूं।'
- शिवानंद तिवारी
नीतीश ने कहा था- लड़ें और जीतें
'जो लोग कहते हैं कि पार्टी कमजोर है वे लोकसभा चुनाव लड़कर दिखाएं। सिर्फ कहने से नहीं होगा।'
- नीतीश कुमार
पार्टी का निर्णय हमें स्वीकार
'पार्टी के निर्णय के अनुरूप चुनाव लडूंगा। शिवानंद ने क्या कहा है वह जानें। पार्टी ने मेरे बारे में जो भी फैसले लिया है उससे कोई शिकायत नहीं है।'
- साबिर अली
आगे पढ़ें: फैसले सुनाने के अंदाज पर उठाए सवाल