तिरुवअनंतपुरम: केरल में चल रहे 19वें अंतरराष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल के आयोजन स्थल पर गुरुवार को कुछ लोगों ने एक दूसरे को चूमकर 'किस प्रोटेस्ट' किया। ये लोग फिल्म फेस्टिवल में आए डेलीगेट्स थे। इसके अलावा, कुछ स्थानीय लोग भी मौजूद थे। इन्होंने राज्य में कपल्स के साथ हिंसा के बढ़ रहे मामलों को लेकर यह विरोध दर्ज कराया।
कैराली थियेटर के सामने हुए इस प्रदर्शन में लोगों ने नारेबाजी भी की। इन लोगों ने प्रदर्शन के पहले पर्चे बांटकर लोगों को इकट्ठे होने को कहा था। हालांकि, कुछ लोगों के विरोध करने के बाद मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल पहुंचा और हालात को किसी तरह काबू में किया। बता दें कि इससे पहले राज्य में
कोच्चि और कोजिकोड में भी इस तरह के आयोजन हो चुके हैं। इसके अलावा, दिल्ली,
हैदराबाद और चेन्नई में भी इस तरह के मामले सामने आ चुके हैं।
रणनीति के तहत चुना वेन्यू
सूत्रों के मुताबिक, प्रदर्शनकारियों ने रणनीति के तहत फिल्म फेस्टिवल के वेन्यू को चुना, क्योंकि यहां इंटरनेशनल ऑडियंस होने की वजह से पुलिस द्वारा बल प्रयोग की संभावना न्यूनतम थी। बता दें कि राज्य में हुए इस तरह के अन्य आयोजनों में पुलिस लाठीचार्ज तक कर चुकी है।