नई दिल्ली. आम आदमी पार्टी (आप) के नेता और अमेठी में
राहुल गांधी के खिलाफ ताल ठोंक रहे
कुमार विश्वास के खिलाफ दिल्ली से लेकर बेंगलुरु और केरल तक विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। मंचीय कवि के तौर पर कवि सम्मेलनों में लतीफे और कसे गए तंज अब विश्वास को परेशान कर रहे हैं।
विवादित टिप्पणियों को लेकर कुमार विश्वास के खिलाफ देश के कई शहरों में मुकदमे दर्ज कराए गए हैं। वहीं, मशहूर स्टैंड अप कॉमेडियन कपिल शर्मा भी गर्भवती महिलाओं पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी से परेशानी में घिर हुए हैं।
विश्वास का ताज़ा विवाद
कुमार विश्वास को लेकर ताज़ा विवाद उनकी बरसों पहले एक कवि सम्मेलन के दौरान की गई टिप्पणी के चलते खड़ा हुआ है, जिसमें कुमार दक्षिण भारत की
नर्सों के रंग को लेकर नस्लीय भेदभाव भरी बात कर रहे हैं और उनका मखौल उड़ा रहे हैं। यह विवाद तब खड़ा हुआ जब एक पुराना वीडियो सामने आया।
सफाई
कुमार विश्वास ने विवाद खड़ा होने पर कहा है कि वे सिर्फ पहले से लिखी गई स्क्रिप्ट पढ़ रहे थे। उन्होंने माना है कि उनकी टिप्पणियां 'पॉलिटिकली इनकरेक्ट' थीं। विश्वास ने अपना बचाव करते हुए कहा है कि उनका मकसद किसी को ठेस पहुंचाना या नीचा दिखाना नहीं था, बस आनंद के लिए उन्होंने यह बात कही थी। 'कोई दीवाना कहता है' जैसी रचनाओं से मशहूर हुए कुमार ने कहा कि अगर किसी भावनाएं उनकी टिप्पणियों से आहत हुई हैं तो वे माफी मांगते हैं। विश्वास ने एक टीवी चैनल से बातचीत में खुद को 'परफॉर्मर' और 'स्टैंड अप कॉमेडियन' कहा।
अच्छा है, आप इंडिया में हैं विश्वास और कपिल नहीं तो खत्म हो जाते करियर!
कुमार विश्वास ने कवि सम्मेलनों में ने न सिर्फ नर्सों को लेकर नस्लीय टिप्पणियां की हैं, बल्कि कई धर्मों का भी अपने लतीफों के जरिए अपमान किया है। हालांकि, ऐसे विवाद पर उन्होंने कई बार माफी मांगी है। नए तरह की पॉलिटिक्स करने का दावा करने वाली 'आप' के नेता विश्वास अमेठी के मंचों पर खुद को 'ब्राह्मण का बेटा' भी गर्व के साथ बता रहे हैं। वहीं, कपिल शर्मा ने प्रेग्नेंट महिलाओं को लेकर हाल ही में एक एपिसोड में भद्दी टिप्पणी की थी। लेकिन उनका शो अब भी चल रहा है। यह सिर्फ भारत जैसे देशों में ही संभव है कि सार्वजनिक जीवन में कोई शख्स इतनी बड़ी गलतियां करते हुए भी खुद को और अपनी 'पब्लिक लाइफ' को बचाए रख सकता है। दूसरे देशों में ऐसी कई मिसालें हैं, जहां कई टिप्पणियां छोड़िए, तंज के एक शब्द ने नामी लोगों के न सिर्फ करियर खत्म कर दिए हैं बल्कि उनकी इमेज हमेशा के लिए खराब भी कर दी।