पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Latest Hindi News AAP\'s PAC Arvind Kejriwal Law Minister Somnath Bharti

केजरीवाल ने बुलाई AAP की बैठक, सोमनाथ भारती को जारी किया समन

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

नई दिल्ली. आम आदमी पार्टी विवादों से घिरे कानून मंत्री सोमनाथ भारती के बचाव में खुल कर उतर आई है। गुरुवार शाम हुई पार्टी के राजनीतिक मामलों की समिति (पीएसी) की बैठक में मुख्‍यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भारती के इस्‍तीफे से साफ इनकार कर दिया। इससे पहले अटकलें लगाई जा रही थीं कि 'आप' सोमनाथ को मंत्री पद से इस्तीफा देने के लिए कह सकती है। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि क्‍या कांग्रेस केजरीवाल सरकार से समर्थन वापस लेगी। गौरतलब है कि बुधवार को कांग्रेस के प्रदेश अध्‍यक्ष अरविंदर सिंह लवली ने 'आप' को धमकी दी थी कि अगर भारती को नहीं हटाया गया तो उनकी पार्टी केजरीवाल सरकार से समर्थन वापस ले लेगी। गुरुवार को लवली की अगुवाई में कांग्रेस नेताओं ने भारती पर कार्रवाई की मांग को लेकर उपराज्यपाल नजीब जंग से मुलाकात भी की थी।

क्‍यों हो रही है भारती के इस्‍तीफे की मांग

दक्षिणी दिल्ली में कथित सैक्स रैकेट पर छापेमारी के मामले को लेकर सोमनाथ भारती की मुश्किलें लगातार बढ़ती रही हैं। भारती के खिलाफ युगांडा मूल की एक महिला ने पहले ही केस दर्ज करा रखा है और अब एक और महिला उनके खिलाफ कोर्ट पहुंच गई है। ऐसे में उनका पद पर बने रहना मुश्किल होता जा रहा है। दूसरी ओर कांग्रेस और भाजपा ने इस मुद्दे को लेकर 'आप' पर दबाव बढ़ा दिया है।

क्‍या हैं आरोप

सोमनाथ भारती के खिलाफ युगांडा की दो महिलाओं ने मजिस्ट्रेट के सामने बयान दर्ज कराए हैं। युगांडा की एक महिला ने आरोपी के तौर पर भारती की पहचान भी की। महिला ने कहा था कि सोमनाथ की अगुवाई में कई लोग रात में उनके घर में घुस आए। महिला के मुताबिक, 'उन्होंने हमें मारा-पीटा और बदतमीजी भी की। आरोपियों ने हमें देश छोड़ने को भी कहा और जान से मारने की धमकी दी।' कानून के जानकारों का मानना है कि इस मामले में सोमनाथ भारती को सात साल तक सजा हो सकती है।

क्या है मामला

सोमनाथ भारती 15 जनवरी की रात कुछ लोगों के साथ खिड़की एक्सटेंशन पहुंचे। उनका दावा था कि अफ्रीकी लोग ड्रग्स रैकेट और वेश्यावृत्ति कर रहे हैं। पुलिस वालों को बुलाकर उन्होंने छापा मारने को भी कहा। लेकिन पुलिस ने ये कहते हुए मना कर दिया कि बिना वारंट के रात में कार्रवाई नहीं करेंगे। अगले दिन युगांडा की पांच महिलाओं ने भारती और उनके समर्थकों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। कोर्ट के आदेश पर एफआईआर दर्ज की गई। उप राज्यपाल ने न्यायिक जांच के भी आदेश दे दिए।

आगे पढ़ें, सोमनाथ भारती की गिरफ्तारी भी संभव