पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Latest News In Hindi Ahmedabad Ready To Welcome Chinese President Xi Jinping

चीनी राष्ट्रपति के स्वागत के लिए तैयार हुआ अहमदाबाद

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
फोटोः चीनी राष्ट्रपति के स्वागत के लिए अहमदाबाद में लगाया गया होर्डिंग।

अहमदाबाद. चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग अपनी पत्नी और एक प्रतिनिधिमंडल के साथ बुधवार को गुजरात के अहमदाबाद पहुंचेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रोटॉकॉल को दरकिनार करते हुए खुद जिनपिंग को रिसीव करेंगे। चीनी राष्ट्रपति पहले ऐसा नेता होंगे जो गुजरात से अपना भारत दौरा शुरू करेंगे। जिनपिंग बोइंग 747 एयरक्राफ्ट से भारत पहुंचेंगे। तीन दिन की यात्रा पर आ रहे चीनी राष्ट्रपति को अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाएगा। यह अहमदाबाद एयरपोर्ट पर दिए जाने वाला पहला गार्ड ऑफ ऑनर होगा। सूत्रों के मुताबिक, वायुसेना की टुकड़ी उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर देगी। मोदी और जिनपिंग के बीच होने वाली बैठक में चीन के 100 और भारत के 80 बिजनेस टायकून हिस्सा लेंगे। जिनपिंग के स्वागत के लिए मोदी मंगलवार को ही गुजरात पहुंच चुके हैं।
जिनपिंग के स्वागत के लिए गुजरात तैयार
मोदी के गृहराज्य गुजरात में चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के स्वागत की तैयारी पूरी कर ली गई है। गुजरात के दो मंत्री सौरभ पटेल औऱ नितिन पटेल को जिनपिंग के स्वागत की तैयारियों की कमान सौंपी गई है। मोदी के बेहद खास और बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह भी अहमदाबाद में मौजूद रहेंगे। पूरे शहर में मंदारिन, अंग्रेजी, हिंदी और गुजराती भाषा में बड़ी संख्या में जिनपिंग का स्वागत करते हुए पोस्टर और होर्डिंग लगाए गए हैं। करीब 15 हजार बीजेपी कार्यकर्ताओं को शिनपिंग के स्वागत की तैयारियों में लगाया गया है। अहमदाबाद में जिनपिंग औऱ मोदी की उपस्थिति में गुजरात और चीन के बीच तीन समझौतों पर भी हस्ताक्षर किए जाएंगे।
फाइव होटल से भी खास तंबुओं में होगा भोज
जिनपिंग और मोदी अहमदाबाद में साबरमती नदी के किनारे रिवरफ्रंट पार्क में भोज करेंगे। इस पार्क में छह खास तंबू बनाए गए हैं। इन्हें गुजराती संस्कृति और परंपराओं के हिसाब से तैयार किया गया है। इन तंबुओं में फाइव स्टार होटल जैसी सुख-सुविधाएं दी गई हैं। इसमें बने एक टेंट की लागत 15 से 20 लाख रुपए के बीच है। खास लोगों के लिए अलग-अलग तंबू बनाए गए हैं। एक तंबू चीनी राष्ट्रपति, भारतीय प्रधानमंत्री और अन्य खास मेहमानों के लिए है। एक तंबू इसलिए बनाया गया है कि इसमें चीनी राष्ट्रपति भोजन करने के बाद विश्राम करेंगे। एक तंबू में होटल ताज के शेफ चीनी मेहमानों के लिए विशेष भोजन तैयार करेंगे। एक तंबू गुजरात की सीएम और राज्य के वरिष्ठ मंत्रियों के लिए बनाया गया है।
अहमदाबाद में दिखेगा 'मिनी चाइना'
चीनी राष्ट्रपति को भारत-चीन सांस्कृतिक संबंधों की झलक दिखाने के लिए अहमदाबाद बुधवार को मिनी चाइना जैसे अवतार में रंग जाएगा। चीन की प्रसिद्ध मंडलियों के साथ ताइवान की कलाबाजी और करतब दिखाने वाली मंडलिया भी जिनपिंग के स्वागत में कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगी। चीन के साथ सांस्कृतिक संबंधों को आगे ले जाने के मकसद से चीन के कई बड़े कलाकारों को चाइना-इंडिया ट्रेड एंड इन्वेस्टमेंट सेंटर (CITIC) में प्रस्तुति देने के लिए भी आमंत्रित किया गया है।
पीएम ने चीनी मीडिया को किया संबोधित
जिनपिंग की यात्रा के एक दिन पहले मोदी ने नई दिल्ली में चीनी पत्रकारों से भी बातचीत की। उन्होंने कहा कि भारत औऱ चीन इतिहास से बंधे हैं, संस्कृति से जुड़े हैं और महान परंपराओं से प्रेरित हैं। दोनों देश साथ मिलकर पूरे मानव समुदाय के लिए बेहतर भविष्य का निर्माण कर सकते हैं।

इन विषयों पर बाचीत करना होगी चुनौती
मोदी और जिनपिंग अहमदाबाद में भोज के बाद देर रात दिल्ली लौट आएंगे। दिल्ली में प्रधानमंत्री मोदी औऱ जिनपिंग कई अहम मसलों पर चर्चा कर सकते हैं। विदेश विभाग के प्रवक्ता के मुताबिक, भारत अपने पड़ोसी देश चीन के साथ सीमा विवाद, अरुणाचल प्रदेश में घुसपैठ, तिब्बत मामला और स्टेपल वीजा देने समेत कई अहम मुद्दों पर चर्चा करेगा।

मोदी की वेबसाइट पर दिखा बौद्ध कनेक्शन
चीनी राष्ट्रपति के दौरे से पहले सोमवार को ही मोदी की आधिकारिक वेबसाइट पर अंग्रेजी और मंदारिन भाषा में 'गुजरात के बौद्ध धरोहर' के बारे में एक लेख भी प्रकाशित किया गया है। इस लेख के लिंक के साथ मोदी ने ट्वीट भी किया है कि उनका जन्म वडनगर में हुआ है, जहां बेशुमार बौद्ध धरोहर हैं। इस लेख में गुजरात का बौद्ध धर्म के साथ संबंध का जिक्र किया गया है। इस लेख में लाल रंग का प्रयोग किया गया है। गौरतलब है कि चीन लाल रंग को अपने अधिकांश राष्ट्रीय प्रतीकों में इस्तेमाल करता है। लेख के साथ गुजरात के जूनागढ़, कच्छ औऱ भरूच जैसी ऐतिहासिक जगहों के चित्र और उनके बौद्ध संबंधों के चित्र भी प्रकाशित किए गए हैं।
आगे की स्लाइड में देखें चीनी राष्ट्रपति के भारत दौरे से संबंधित तस्वीरें...