पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Latest News In Hindi Foreign Secretary, NSA Meet Pakistan Envoy

वार्ता रद्द करने के बावजूद पाकिस्तान के साथ मोदी सरकार ने की एक हफ्ते में दो बार बातचीत

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
फाइल फोटोः नई दिल्ली में भारतीय पीएम नरेंद्र मोदी के साथ पाकिस्तानी पीएम नवाज शरीफ।
नई दिल्ली. सचिव स्तर की वार्ता रद्द करने के बावजूद मोदी सरकार ने पाकिस्तान के साथ गुप्त मुलाकात की है। राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकाकर और विदेश सचिव ने पाकिस्तान के हाई कमिश्नर के साथ एक हफ्ते में दो बार अलग-अलग मुलाकात की। ये मुलाकातें ऐसे समय में की गई है जब प्रधानमंत्री मोदी और पाकिस्तानी पीएम नवाज शरीफ संयुक्त राष्ट्र महासभा में शिरकत करने के लिए अमेरिका जाने वाले हैं। गौरतलब है कि पाकिस्तानी हाई कमिश्नर के हुर्रियत कॉन्फ्रेंस के अलगाववादी नेताओं से मुलाकात करने के विरोध में भारत ने पड़ोसी देश के साथ बातचीत बंद करने का एलान किया था। इसी के तहत 25 अगस्त की सचिव स्चर की वार्ता को रद्द कर दिया गया था।
मोदी पाकिस्तान से रिश्ते सामान्य करने के लिए प्रतिबद्ध
एक अंग्रेजी अखबार में प्रकाशित रिपोर्ट के मुताबिक, पहली मुलाकात 13 सितंबर को राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजीत डोवाल और पाकिस्तान के हाई कमिश्नर अब्दुल बासित के बीत हुई। इस मुलाकात में डोवाल ने पाकिस्तान के हाई कमिश्नर को कहा है कि प्रधानमंत्री मोदी पाकिस्तान के साथ संबंधों को सामान्य करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
बासित के साथ दूसरी मुलाकात भी कुछ ही दिनों बाद हुई जिसमें विदेश सचिव सुजाता सिंह ने हिस्सा लिया। इससे पहले दोनों उच्च अधिकारियों ने 18 अगस्त को फोन पर बात की थी, जिसमें हुर्रियत कॉनफ्रेंस के नेताओं के साथ मुलाकात को लेकर पाकिस्तान को विदेश सचिव स्तर की वार्ता रद्द करने की चेतावनी दी गई थी। यह मुलाकात पाकिस्तानी हाई कमिश्नर और अलगाववादी संगठन हुर्रियत कॉन्फ्रेंस के नेताओं के बीच हुई बैठक से महज 20 मिनट पहले की गई थी।
अलगाववादियों से पाकिस्तानी हाई कमिश्नर की मुलाकात पर नहीं हुई बात
सरकार के सूत्रों के मुताबिक, मुलाकात में भारतीय विदेश सचिव और पाकिस्तानी हाई कमिश्नर इस बात पर सहमत हुई थे कि अब दोनों देशों को बातचीत की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। चौंकाने वाली बात यह है कि दोनों ही बैठकों में हुर्रियत कॉन्फ्रेंस के साथ बासित की बैठक पर चर्चा भी नहीं हुई। दोनों ही बैठक के विषय और मुद्दे साउथ ब्लॉक से तय किए गए थे। दोनों बैठकों में न्यूयॉर्क में मोदी और शरीफ की बातचीत करने या न करने के संबंध में भी कोई प्रस्ताव पेश नहीं किया गया।
आमने-सामने होंगे मोदी और शरीफ
प्रधानमंत्री कार्यालय के पास उपलब्ध सूचना के मुताबिक, पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शरीफ 24 सितंबर को संयुक्त राष्ट्र महासभा में हिस्सा लेने के लिए अमेरिका रवाना होंगे। वह 26 सितंबर को संयुक्त राष्ट्र महासभा को संबोधित करेंगे और 27 को स्वदेश रवाना होंगे। जबकि मोदी का शेड्यूल अभी पूरी तरह से तय नहीं हो पाया है लेकिन अनुमान है कि वह 26 को अमेरिका पहुंचेंगे और 27 को संयुक्त राष्ट्र महासभा को संबोधित करेंगे। यानी एक ही समय पर पाकिस्तान और भारत के प्रधानमंत्री न्यूयॉर्क में होंगे।
नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री शपथ ग्रहण समारोह में पाकिस्तानी पीएम को आमंत्रित कर दोनों देशों के बीच नए सिरे से बातचीत का सिलसिला शुरू किया था। हालांकि सीमा पर युद्ध विराम के उल्लंघन के चलते गतिरोध पैदा हो गया। आगे की स्लाइड में देखें, पाकिस्तानी पीएम के भारत दौरे की तस्वीरें...