नई दिल्ली. कानून मंत्री अश्विनी कुमार बुधवार को लोकसभा में बेचैन नजर आए। वे लगातार इस बात की जानकारी हासिल करने में जुटे थे कि सुप्रीम कोर्ट में क्या चल रहा है। वे कई बार प्रधानमंत्री के कक्ष की ओर गए। संसद परिसर में फोन पर बात करते हुए उन्होंने पत्रकारों को सवाल पूछने से भी मना किया। आपाधापी में कानून मंत्री संसद के गेट नंबर चार से बाहर निकलते हुए पवन सिंह घटोवार की गाड़ी पर सवार हो गए। उन्हें साथ खड़े अधिकारी ने टोका तो उस अधिकारी पर ही बरस पड़े। अपनी गाड़ी न देख कानून मंत्री एक बार फिर संसद के भीतर चले गए।
गौरतलब है कि कानून मंत्री का सियासी भविष्य अधर में है। उनके पद पर बने रहने को लेकर संशय बरकरार है। पार्टी के भीतर ही एक धड़ा कानून मंत्री की मुखालफत कर रहा है। हालांकि बुधवार को सुप्रीम कोर्ट की ओर से उनपर सीधी कोई टिप्पणी न होने की बात कहते हुए कानून मंत्री के समर्थक उनकी पैरवी कर रहे हैं। जबकि कांग्रेस ने कहा है कि कोर्ट के निर्देश को पार्टी संज्ञान में लेगी। कांग्रेस प्रवक्ता रेणुका चौधरी ने कहा कि कोर्ट ने जो कुछ कहा है, हम उसे संज्ञान में लेते हैं। आगे कोर्ट के निर्देश के मुताबिक सावधानी हो, इसका ख्याल भी रखा जाएगा।