पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • एआईबी मामले में महेश भट्ट ने पूछा, FIR में सोनाक्षी सिन्हा का नाम क्यों नहीं

एआईबी मामले में महेश भट्ट ने पूछा, FIR में सोनाक्षी सिन्हा का नाम क्यों नहीं

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
मुंबई. ‘एआईबी रोस्ट’ शो मामले में दीपिका पादुकोण और अपनी बेटी आलिया भट्ट समेत 14 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने से फिल्म निर्माता-निर्देशक महेश भट्ट नाराज हो गए हैं। एक इंटरव्यू में महेश भट्ट ने कहा है कि दीपिका और आलिया के साथ ही 14 लोगों के खिलाफ तो केस दर्ज कर लिया गया लेकिन सोनाक्षी सिन्हा को इसलिए छोड़ दिया क्योंकि वह बीजेपी सांसद शत्रुघ्न सिन्हा की बेटी हैं। महेश भट्ट ने कहा, ‘अगर शो के दौरान मौजूद चार हजार लोगों में से केवल कुछ के खिलाफ केस दर्ज किया गया है तो सोनाक्षी को क्यों छोड़ दिया गया।’ उन्होंने कहा कि यह पूरा मामला कुछ लोगों के इशारे पर संचालित किया जा रहा है। बता दें कि विवाद बढ़ने के बाद इस शो के वीडियो को यूट्यूब से हटा लिया गया था।
कोर्ट के आदेश के बाद 14 लोगों के खिलाफ एफआईआर

इसके पहले, यूट्यूब चैनल All India B*****d (AIB) के कथित अश्लील कार्यक्रम रोस्ट में शिरकत करने वाले मशहूर डायरेक्टर करण जौहर, एक्ट्रेस दीपिका पादुकोण समेत 14 लोगों के खिलाफ मुंबई की एक अदालत ने एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया था। इस कॉमेडी कार्यक्रम का वीडियो यूट्यूब पर वायरल होने के बाद काफी विवाद हुआ था। कार्यक्रम के दौरान कलाकारों के कथित अश्लील जोक्स पर फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोगों के अलावा सामाजिक संगठनों और राजनीतिक दलों ने तीखी प्रतिक्रिया दी थी। यह इवेंट दिसंबर में मुंबई में आयोजित हुआ था, जिसमें करीब 4 हजार लोग शामिल हुए थे। शामिल होने वाले लोगों में करण जौहर की मां के अलावा एक्ट्रेस सोनाक्षी सिन्हा, आलिया भट्ट भी थीं।
एफडब्लूआईसीई ने की थी माफी की मांग
फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइीज (एफडब्लूआईसीई) ने एआईबी नॉकआउट शो में हिस्सा लेने वाले रणवीर सिंह, अर्जुन कपूर और करन जौहर से बिना शर्त माफी मांगने को कहा था। संगठन ने कहा था कि अगर तीनों ने माफी नहीं मांगी तो उनके खिलाफ एक्शन लिया जाएगा। एफडब्लूआईसीई एक ऐसा संगठन है, जिसमें फिल्म इंडस्ट्री के कई कई क्षेत्रों से जुड़े लोग शामिल हैं। हालांकि, करन जौहर ने कहा था कि जिन्हें यह शो पसंद नहीं है, वे इसे न देखें। मशहूर डायरेक्टर रामगोपाल वर्मा ने करन जौहर का समर्थन किया था।
शो के नाम में ‘रोस्ट’ शब्द क्यों

‘रोस्ट’ का शाब्दिक अर्थ भुना हुआ होता है और प्राय: यह मांस पकाने की विधा माना जाता है। हालांकि, आधुनिक अर्थों में इसका मतलब हास्य की एक विधा है। कार्यक्रम के दौरान अर्जुन कपूर और रणबीर सिंह बतौर मुख्य अतिथि आए थे और उन्हें 'रोस्ट' करने के लिए आठ सदस्यों का पैनल मंच पर मौजूद था। करण जौहर की अगुवाई में इन लोगों ने बारी-बारी से कटु और कथित अश्लील जोक्स से अर्जुन और रणबीर पर कटाक्ष किए।