नई दिल्ली.
राहुल गांधी पर पर केंद्रित
नए चुनावी विज्ञापन के स्लोगन
‘मैं नहीं, हम’ पर
कांग्रेस और बीजेपी के बीच तकरार बढ़ती जा रही है। गुजरात के एक बीजेपी नेता ने बताया कि
‘मैं नहीं, हम’ स्लोगन का प्रयोग
नरेंद्र मोदी ने सरकारी अधिकारियों को प्रेरित करने के लिए दिया था। बीजेपी नेता शाहनवाज हुसैन ने कहा कि कांग्रेस मोदी से नफरत करती है, लेकिन उनके स्लोगन से उसे प्यार है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी मोदी का स्लोगन चुरा सकते हैं, लेकिन मोदी जैसा अनुभव और क्षमता कहां से लाएंगे। भाजपा नेता ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि नकल के लिए भी अकल की जरूरत होती है।
विज्ञापन को लेकर बीजेपी के निशाने पर आई कांग्रेस अब हर तरफ से अपना बचाव करती दिखाई दे रही है।
कांग्रेस ने कहा कि शब्दों या नारे पर किसी का कॉपीराइट नहीं होता है। कांग्रेस ने कहा कि हमने 2004 में ‘कांग्रेस का हाथ, आम आदमी के साथ’ का नारा दिया था। यदि ऐसा होता तो हम आम आदमी पार्टी के नाम पर आपत्ति जता सकते थे। वहीं कांग्रेस प्रवक्ता शोभा ओझा ने कहा कि कांग्रेस किसी की नकल नहीं करती है, बल्कि अन्य पार्टियां हमारे सेट किए हुए एजेंडे को चुरा लेती हैं।
कांग्रेस ने यह भी कहा कि मोदी ने ‘मैं नहीं, हम’ का नारा बेशक दिया हो, लेकिन तस्वीर में वे अकेले दिखाई दे रहे हैं, ऐसे में बीजेपी का यह नारा सिर्फ दिखावा है। खुद को बचाते हुए कांग्रेस का कहना है कि हमारे विज्ञापन में राहुल गांधी के साथ कई लोग खड़े हैं, जो शब्द ‘हम’ को प्रदर्शित करते हैं।
शुक्रवार को कांग्रेस ने विज्ञापन जारी किया था जिसका स्लोगन था, ‘मैं नहीं, हम’। बीजेपी का दावा है कि
नरेंद्र मोदी ने फरवरी, 2011 में एक सभा को संबोधित करते हुए भी इस स्लोगन का इस्तेमाल किया है।
राहुल की पार्टी महासचिवों के साथ बैठक आज
लोकसभा चुनाव में अपनी रणनीति तय करने के लिए कांग्रेस शनिवार को पार्टी महासचिवों के साथ एक बैठक करने जा रही है। इस बैठक को कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी लेंगे। माना जा रहा है कि इस बैठक में राहुल गांधी राज्यसभा सदस्यों के नामांकन को अंतिम रूप दे सकते हैं। वहीं दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित को हरियाणा या हिमाचल प्रदेश से नामांकित किया जा सकता है।
आगे पढ़ें: तीस राज्यों के नेताओं को चाहिए ‘अपना चैनल