अहमदाबाद/नई दिल्ली. 53वें गुजरात स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में नरेन्द्र मोदी 13 मई को अमेरिका में एक साथ 18 सभाओं को संबोधित करेंगे। संबोधन का विषय सुशासन (गुड गर्वनेंस) है। वे मुख्यमंत्री निवास-गांधीनगर से सुबह छह बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (वीसी) के जरिए इन सभाओं को संबोधित करेंगे। उत्तरी अमेरिका में रह रहे भारतीय-गुजराती समुदाय के लोगों के संगठन ने इस संबोधन का आयोजन किया है। पहली मई को 53वां गुजरात स्थापना दिवस मनाया गया था।
उत्तरी अमेरिका में रह रहे लोगों के उक्त संगठन ने गुजरात स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में मोदी के संबोधन का कार्यक्रम बनाया है। साल 2012 में 20 मई को मोदी ने अमेरिका के 12 शहरों में इसी तरह संबोधन किया था। इसके बाद सितंबर, 2012 में ‘चलो गुजरात 2012’ एवं 10 मार्च -2013 को ओवरसीज फ्रेंड्स ऑफ बीजेपी के बैनर तले आयोजित कार्यक्रम को मोदी वीसी से संबोधित कर चुके हैं। गौरतलब है कि अमेरिका मोदी को वीजा देने को तैयार नहीं है।