(फोटोः पूर्व सांसद नीता पटेरिया के पल्लू से हाथ पोंछते विधायक राय)
सिवनी. मध्य प्रदेश में एक निर्दलीय विधायक ने एक कार्यक्रम के दौरान मंच पर पूर्व महिला सांसद की साड़ी के पल्लू से सार्वजनिक रूप से हाथ पोंछ लिया। बवाल हुआ तो सफाई दी- भाभी से मजाक किया था, उन्हें हाथ नहीं लगाया।
पूर्व महिला सांसद नीता पटेरिया मंच पर विधायक के आगे खड़ी थीं। उनकी पीठ विधायक की ओर थी, जब विधायक ने यह अजीबोगरीब हरकत की। मंच पर खड़े अन्य नेता विधायक की इस हरकत पर हंसते दिखे। मंच पर मध्य प्रदेश सरकार के कृषि मंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री गौरीशंकर बिसेन के साथ स्थानीय सांसद बोध सिंह भी मौजूद थे।
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार को सिवनी में किसानों को फसल बीमा राशि वितरित करने का कार्यक्रम था। इसी दौरान स्थानीय विधायक दिनेश राय उर्फ मुनमुन ने बीजेपी की वरिष्ठ नेता और क्षेत्र की पूर्व सांसद नीता पटेरिया की साड़ी के पल्लू से हाथ पोंछा। नीता विधायक की इस हरकत से अनजान थीं। हालांकि, उनकी यह हरकत कैमरे में कैद हो गई।
बाद में जब नीता को घटना की जानकारी दी गई और क्लिपिंग दिखाई गई, तो उन्होंने कहा कि राय विधायक हैं, ऐसे में उन्हें मंच की गरिमा का ध्यान रखना चाहिए। विधायक के 'भाभी से मजाक' किए जाने के तर्क पर उन्होंने कहा कि ठीक है कि वो हमें भाभी कहते हैं, लेकिन उन्हें पद की गरिमा, उनकी वरिष्ठता का ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने विधायक की शिकायत प्रभारी मंत्री बिसेन और बीजेपी के जिलाध्यक्ष से की।
आगे देखें पूरा वीडियो, कैसे पूर्व सांसद के पल्लू से हाथ पोंछ रहे हैं विधायक...