चंडीगढ़. डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम की मुख्य भूमिका वाली विवादित फ़िल्म 'एमएसजी- द मैसेंजर' आज यानी शुक्रवार को रिलीज हो रही है। सिख संगठनों के विरोध की वजह से हरियाणा और पंजाब में इस फिल्म की रिलीज को लेकर खास सतर्कता बरती जा रही है। हरियाणा के कुछ जिलों में धारा 144 भी घोषित कर दी गई है। फिल्म के टाईटल से ‘द गॉड’ शब्द हटा दिया गया है। इस फिल्म को तीन हजार स्क्रीन्स पर दिखाया जाएगा। चंडीगढ़ के मॉल में पुलिस तैनाती के बीच इस फिल्म का प्रदर्शन किया जाएगा। वहीं, सिखों के विरोध के चलते फिल्म पंजाब में रिलीज नहीं होगी।
नाम बदला, अब सीक्वेल भी आएगा
बता दें कि सिखों के विरोध के चलते फिल्म का नाम मैसेंजर ऑफ गॉड से बदलकर मैसेंजर किया गया और इसके बाद ही फिल्म को हरी झंडी मिली। कुछ सिख संगठनों का आरोप है कि जिस व्यक्ति पर रेप और मर्डर के केस चल रहे हों वह भगवान का दूत कैसे हो सकता है। वहीं, डेरा सूत्रों ने कहा है कि एमएसजी का सीक्वल भी बनाया जाएगा।