पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • गोडसे को देशभक्त बताकर घिरे साक्षी महाराज, बयान से पलटे

साक्षी महाराज ने पहले कहा, 'गोडसे देशभक्त, फिर बोले-मैंने ऐसा नहीं कहा

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
(फोटोः बीजेपी सांसद साक्षी महाराज।)
नई दिल्ली: बीजेपी सांसद साक्षी महाराज ने गुरुवार को नाथूराम गोडसे को लेकर विवादित बयान दिया। उन्होंने गोडसे को राष्ट्रवादी और देशभक्त बता दिया। साक्षी महाराज ने कहा, "नाथूराम गोडसे देशभक्त था और उसने गलती से महात्मा गांधी को मार दिया।" जब विपक्ष ने सदन में इस मुद्दे पर हंगामा मचाया तो वे अपने बयान से पलट गए। उन्होंने कहा, "मैंने ऐसा नहीं कहा। अगर गलती से कह दिया हो, तो अपने शब्द वापस लेता हूं।''
गुरुवार को राज्यसभा के बाहर साक्षी महाराज ने कहा था, ''गोडसे भी उतना ही राष्ट्रवादी था, जितने महात्मा गांधी। उसने भी कई अच्छे काम किए, लेकिन गांधी को मारकर गलती कर दी।'' बता दें 30 जनवरी, 1948 को महात्मा गांधी की नाथूराम गोडसे ने हत्या कर दी थी।
महाराष्ट्र में गोडसे के नाम पर शौर्य दिवस?
इससे पहले गुरुवार सुबह कांग्रेस के हुसैन दलवाई ने शून्यकाल में बताया कि एक संगठन ने महात्मा गांधी की हत्या करने वाले नाथूराम गोडसे के नाम पर महाराष्ट्र में 'शौर्य दिवस' मनाया, जिसमें बीजेपी के दो पूर्व विधायक और हरिद्वार के कुछ संत भी शामिल थे। उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों पर रोक लगनी चाहिए। विपक्ष ने इस मुद्दे पर राज्यसभा में प्रदर्शन किया। नायडू ने कहा कि सरकार का इस घटना से कोई संबंध नहीं है और वह ऐसी किसी भी घटना की पुरजोर निंदा करती है। हालांकि, इस मामले पर मचे हंगामे के चलते सदन की कार्यवाही पहले शून्यकाल में दस मिनट और फिर प्रश्नकाल में 15 मिनट के लिए स्थगित करनी पड़ी। इसके बाद संसदीय कार्य मंत्री एम वेंकैया नायडू ने इस घटना की निंदा की, जिससे विपक्षी सदस्य संतुष्ट हो गए और कार्यवाही सुचारु रूप से शुरू हो गई।