(फोटोः राहुल रिचर्ड वर्मा)
नई दिल्ली. अमेरिकी राष्ट्रपति
बराक ओबामा ने भारतीय मूल के रिचर्ड राहुल वर्मा को भारत में अमेरिका का नया राजदूत नियुक्त किया है। ओबामा ने
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इस महीने के आखिर में होने वाली वाशिंगटन यात्रा से पहले रिचर्ड राहुल वर्मा को राजदूत मनोनीत किया है। हालांकि, अभी अमेरिकी सीनेट से वर्मा की नियुक्ति पर मुहर लगना बाकी है, लेकिन वर्मा की नियुक्ति तय मानी जा रही है। अगर ऐसा होता है तो वर्मा नई दिल्ली में शीर्ष अमेरिकी राजनयिक पद पर अपनी सेवाएं देने वाले पहले भारतीय मूल के अमेरिकी होंगे।
वर्मा इससे पहले विदेश उप मंत्री (विधायी मामले) रह चुके हैं और फिलहाल प्राइवेट सेक्टर में सेवाएं दे रहे हैं। बता दें कि मार्च में नैंसी पॉवेल के इस्तीफे के बाद से नई दिल्ली में अमेरिकी राजनयिक की नियुक्ति नहीं की गई है। ओबामा ने वर्मा के मनोनयन का एलान कई अन्य प्रमुख नियुक्तियों के साथ किया। राष्ट्रपति ओबामा ने अपने बयान में कहा, "वर्मा आकर्षक व्यक्तित्व के धनी हैं और मुझे खुशी है कि वे अमेरिकी नागरिकों के लिए उस वक्त सेवाएं देने जा रहे हैं, जिस वक्त उनकी बेहद जरूरत है।"
45 वर्षीय वर्मा की गिनती राष्ट्रपति ओबामा के नजदीकी लोगों में होती है। इससे पहले वे हिलेरी क्लिंटन के साथ भी काम कर चुके हैं। फिलहाल, वर्मा स्टेपटो एंड जॉनसन एलएलपी एंड अल्ब्राइट स्टोनब्रिज ग्रुप में सीनियर काउंसलर के पद पर नियुक्त हैं। वे सीनियर नेशनल सिक्युरिटी फेलो भी हैंं।