नई दिल्ली: भारत दौरे पर आए 17 पाकिस्तानी सांसदों के एक दल ने गुरुवार को आरोप लगाया कि भारतीय संसद में उनकी अनदेखी हुई। वे लोकसभा की कार्यवाही देखने के लिए पहुंचे थे। जबकि स्पीकर सुमित्रा महाजन ने कहा कि उन्हें तो पाकिस्तानी सांसदों के आने की जानकारी ही नहीं थी। बीजेपी सांसद साक्षी महाराज द्वारा गांधी के हत्यारे गोडसे को देशभक्त बताए जाने के बाद संसद में हुए हंगामे के दौरान ये पाकिस्तानी सांसद स्पीकर गैलरी में सदन की कार्यवाही देख रहे थे।
सांसदों ने कहा, ''हमें थोड़ा दुख पहुंचा है। हमें उम्मीद थी कि स्पीकर हमारा लोकसभा सदस्यों से परिचय कराएंगी। आखिरकार, हम पाकिस्तानी अवाम का प्रतिनिधित्व करते हैं।'' हालांकि, स्पीकर के बचाव में बीजेपी सांसद कीर्ति आजाद ने कहा, ''पाकिस्तानी डेलिगेशन को एक वक्त दिया गया था। उस वक्त वे नहीं पहुंचे, तो यह स्पीकर की गलती कैसे है।''
बता दें कि पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ लेजिस्लेटिव डेवलपमेंट एंड ट्रांसपेरेंसी की ओर से भारत दौरे पर आए ये सांसद लोकतंत्र, गवर्नेंस और जन नीतियों का अध्ययन करने यहां दो दिवसीय दौरे पर आए हैं।
सभी दलों के सांसदों से मुलाकात
पाकिस्तानी सांसदों के डेलीगेशन से बीजेपी के वरुण गांधी, शत्रुध्न सिन्हा और कीर्ति आजाद ने मुलाकात की, वहीं कांग्रेस की ओर से मल्लिकार्जन खड़गे, आनंद शर्मा, दिग्विजय सिंह, राजीव शुक्ला और गौरव गोगोई ने बातचीत की। तृणमूल से सौगत रॉय, बीजेडी के जय पांडा, अकाली दल के नरेश गुजराल भी पाकिस्तानी सांसदों से मिले।