बेंगलुरू. विश्व हिंदू परिषद के अंतर्राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रवीण तोगड़िया के प्रतिबंध के बावजूद यहां पहुंचने पर हवाई अड्डे पर गिरफ्तार कर लिया गया। वे विहिप के हिंदू विराट समाजोत्सव में भाग लेने के लिए आ रहे थे। उनका रविवार को भाषण का कार्यक्रम है, लेकिन कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पांच से 11 फरवरी तक उनके बेंगलुरू में आने पर पाबंदी लगा दी गई थी। इस आदेश को चुनौती देते हुए दायर विहिप की याचिका भी शुक्रवार को हाईकोर्ट ने खारिज कर दी थी।
मुंबई पुलिस ने एमआईएम के प्रमुख अकबरुद्दीन ओवैसी को शनिवार को अंतिम क्षणों में दक्षिण मुंबई के मुस्लिम बहुल नागपाड़ा इलाके में सभा करने की अनुमति नहीं दी। पुलिस को डर था कि ओवैसी की सभा की वजह से मुंबई में कोई अप्रिय घटना हो सकती है। अब एमआईएम विधायक एडवोकेट वारीस यूसुफ पठान (भायखला) और इम्तियाज जलील (औरंगाबाद) ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को खत लिखकर सभा करने की अनुमति मांगी है। दोनों ने कहा कि पुलिस ने सभा करने की अनुमति नहीं देकर उनके मूलभूत अधिकार का हनन किया है।