नई दिल्ली. प्रधानमंत्री
नरेंद्र मोदी ने गुजरात में कुछ समर्थकों द्वारा अपना मंदिर बनाए जाने पर नाराजगी जताई है। पीएम मोदी ने गुरुवार सुबह एक ट्वीट में कहा कि ऐसा मंदिर भारतीय संस्कृति के खिलाफ है। पीएम ने कहा, "मैं स्तब्ध हूं। जिन्होंने यह किया है, उनसे मेरा अनुरोध है कि वे ऐसा कतई न करें। अगर आपके पास समय और संसाधन है तो क्लीन इंडिया मुहिम में भागीदारी करें।"
बतो दें कि केंद्र में बीजेपी की सरकार बनने के बाद गुजरात सरकार ने मोदी की जीवनी राज्य के स्कूल पाठ्यक्रम में शामिल करने का प्लान बनाया था, लेकिन मोदी ने इस पर रोक लगवा दी थी।
मंदिर बनाने वालों ने ये कहा
राजकोट में मोदी के कुछ समर्थकों ने उनका मंदिर बनाया है। इस मंदिर का उद्घाटन 16 फरवरी को होना है। मंदिर के गर्भगृह में मोदी की प्रतिमा लगाई गई है। ओम युवा समूह नामक संगठन के नेता जयेश पटेल ने कहा कि गुजरात में यह अपनी तरह का पहला मंदिर है, जो किसी जीवित व्यक्ति का है। पटेल ने कहा, "हमारे संगठन के सदस्य मोदी की उस समय से भगवान के रूप में पूजा कर रहे हैं, जब वह राजकोट से पहली बार विधानसभा चुनाव लड़े थे और गुजरात के मुख्यमंत्री बने थे।" मंदिर निर्माण पर करीब सात लाख रुपए खर्च हुए हैं।
(आगे देखें: मंदिर का एक फोटो और वीडियो)