नई दिल्ली. महाराष्ट्र में अगले महीने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर सीटों के बंटवारे को लेकर रविवार को फैसला हो सकता है। रविवार शाम पांच बजे बीजेपी के संसदीय दल की बैठक में इस मुद्दे पर अंतिम फैसला हो सकता है। बीजेपी नेता सायना एनसी ने कहा है कि सीटों को लेकर फैसला पार्टी नेतृत्व करेगा। पार्टी के वरिष्ठ नेता ओम माथुर ने कहा है कि रविवार को वे लिस्ट लेकर दिल्ली जाएंगे। उन्होंने बताया कि उम्मीदवारों की उनकी सूची तैयार है। बीजेपी नेता देवेंद्र फडणवीस और उद्धव ठाकरे के बीच शनिवार रात बात हुई। दोनों के बीच बातचीत किसी नतीजे पर नहीं पहुंची। फडणवीस ने कहा कि हमें शिवसेना का प्रस्ताव मंजूर नहीं है। हमने अपनी बात शिवसेना के सामने रख दी है।
शनिवार को उद्धव ठाकरे और ओम माथुर के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर भी चर्चा हुई। सूत्रों के मुताबिक बातचीत के दौरान शिवसेना सुप्रीमो ने बीजेपी को 126 सीटों पर चुनाव लड़ने की पेशकश की। सूत्र बताते हैं कि ठाकरे ने माथुर से कहा कि शिवसेना खुद 155 सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती है। इसी दौरान गठबंधन के अन्य सहयोगियों को 288 सीटों वाली विधानसभा में बची हुई 7 सीटें देने की बात कही गई। लेकिन माथुर ने इस पेशकश को ठुकरा दिया।
इससे पहले शुक्रवार को बीजेपी और शिवसेना के नेताओं की बीच हुई बैठकों का कोई नतीजा नहीं निकल सका। शुक्रवार को पहले शाम को और फिर रात में दोनों पार्टियों के नेताओं के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर बैठकें हुईं। शिवसेना ने पहले बीजेपी को 119 सीटों पर चुनाव लड़ने का प्रस्ताव दिया था। इस प्रस्ताव को बीजेपी ने ठुकरा दिया था। बीजेपी चाहती है कि वह और शिवसेना 135-135 सीटों पर चुनाव लड़ें।