पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • स्पाइसजेट ने रद्द की 1800 से ज्यादा उड़ानें, नकदी संकट के चलते बिगड़े हालात

माल्या की किंगफिशर जैसे हालात, स्पाइसजेट ने रद्द की 1800 फ्लाइट्स

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
(फाइल फोटो)
चेन्नई. अगर आपने स्पाइसजेट एयरलाइन का टिकट ले रखा है तो आपके लिए परेशानी बढ़ने वाली है। इस निजी एयरलाइंस ने इस महीने करीब 1,800 फ्लाइट रद्द कर दी हैं। स्पाइसजेट कुछ समय से नकदी के संकट से जूझ रही है। इतनी बड़ी तादाद में उड़ानें रद्द होने के बाद इसका हश्र भी किंगफिशर एयरलाइंस की तरह होने की आशंका बढ़ गई है। कलानिधि मारन के सन ग्रुप की इस एयरलाइन ने 31 दिसंबर तक 1,861 उड़ानें रद्द की हैं। इसमें सोमवार को रद्द 81 उड़ानें भी शामिल हैं।
कंपनी ने यह कदम ऐसे समय उठाया है जब उड्डयन नियामक डीजीसीए उसे 'कारण बताओ नोटिस' भेजने जा रहा था। एयरलाइन पर डीजीसीए के निर्देशों का उल्लंघन का आरोप है। डीजीसीए ने एयरलाइन को एक महीने से ज्यादा की एडवांस बुकिंग लेने से मना किया है।
एयरपोर्ट अथॉरिटी (एएआई) भी स्पाइसजेट पर सख्ती करने जा रहा है। एयरलाइन पर अथॉरिटी के 200 करोड़ बकाया हैं। अथॉरिटी इसके बदले बैंक गारंटी चाहता है। ऐसा करने पर उसे कैश एंड कैरी आधार पर सेवाएं दी जाएंगी। यानी जब पैसे देगी तभी सेवाएं मिलेंगी।
स्पाइसजेट पिछले कुछ समय से रोजाना कुछ फ्लाइट रद्द कर रही है। इस पर कदम उठाते हुए डीजीसीए ने शुक्रवार को उससे 186 स्लॉट वापस ले लिए थे। एयरलाइन को 10 दिन में सभी कर्मचारियों का बकाया वेतन देने का भी निर्देश दिया था। स्पाइसजेट को जुलाई-सितंबर तिमाही में 310 करोड़ का घाटा हुआ है। एयरलाइंस लगातार पांच तिमाही से घाटे में है।
नागरिक उड्डयन मंत्री अशोक गणपति राजू ने भी पिछले हफ्ते स्पाइसजेट की बिगड़ती माली हालत पर चिंता जताई थी। उन्होंने कहा था, हम परेशानी के दौर से गुजर रहे हैं। सरकारी ही नहीं, निजी एयरलाइंस भी बैठ रही हैं। किंगफिशर बंद हुई और अब स्पाइसजेट हमारी धड़कनें बढ़ा रही है।