पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Sushil Kumar Shinde Comment On Policemen

गृहमंत्री शिंदे को तोंद वाले पुलिसकर्मी पसंद नहीं

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
नई दिल्ली. केंद्रीय गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे ने कहा है कि पुलिसकर्मियों को हट्टा-कट्टा दिखना चाहिए न कि बूढ़े व्यक्ति की तरह। गृह मंत्री ने कहा कि उन्हें तोंद वाले पुलिसकर्मी पसंद नहीं हैं। खुद पुलिस में उप निरीक्षक रह चुके शिंदे ने कहा कि कई बार हम महसूस करते हैं कि होमगार्ड वर्दी पहने बस खड़ा है। शिंदे ने कहा कि उन्हें व्यक्तिगत रूप से महसूस होता है कि एक व्यक्ति जो वर्दी में है उसे हट्टा-कट्टा होना चाहिए। लोगों को एकदम ऐसा दिखना चाहिए कि जो व्यक्ति वर्दी पहने है, वह उनका रक्षक है। उसे 75 या 80 साल के बूढ़े जैसा नहीं दिखना चाहिए।
गृह मंत्री ने नागरिक सुरक्षा और होमगार्ड के स्वर्ण जयंती समारोह के मौके पर केंद्रीय पुलिस और अर्धसैनिक बलों के शीर्ष अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा, ‘मुझे लगता है कि आप सब (पुलिस और अर्धसैनिक बलों के प्रमुख) इसका ध्यान रखेंगे।’ उन्होंने नागरिकों से अनुरोध किया कि वे बड़ी संख्या में स्वे'छा से नागरिक सुरक्षा बल में शामिल हों क्योंकि अभी काफी कम लोग इसमें हैं। शिंदे ने कहा कि यह एकमात्र ऐसा बल है जिसे हमें बहुत मजबूत और अनुशासित बनाना है। गृह मंत्री ने कहा कि उन्हें पता है कि नागरिक सुरक्षा में जो लोग शामिल हो रहे हैं, वे सिर्फ शामिल होने के लिए ऐसा कर रहे हैं और वे एक सैनिक की तरह नहीं हैं। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक देश भर में नागरिक सुरक्षा के कार्य में 535155 स्वयंसेवी पंजीकृत हैं और केंद्रीय गृह मंत्रालय अगले पांच से दस साल में इनकी संख्या बढ़ाकर इसे कुल आबादी का कम से कम एक प्रतिशत करना चाहता है। शिंदे ने कहा कि नागरिक सुरक्षा संगठन 1962 के चीन युद्ध के बाद बनाया गया था। उन्होंने कहा कि हाल ही में हमें चीन की घुसपैठ का एक छोटा अनुभव हुआ। ऐसे में उन्हें नागरिक सुरक्षा का स्मरण होता है। इन स्वयंसेवकों को लगातार प्रशिक्षित किया जाना चाहिए ताकि वे देश में किसी भी समय मानवजन्य या प्राकृतिक आपदा का सामना कर सकें। उन्होंने पुलिस और अर्धसैनिक बलों के प्रमुखों से कहा कि हमें शांति के समय भी हमेशा तैयार रहना चाहिए। यदि आप युद्ध लडऩा चाहते हैं तो शांति के समय भी तैयार रहना होगा। सरकार आपके साथ है और आपको हमारे साथ होना चाहिए।
केंद्रीय गृह सचिव आरके सिंह ने इस मौके पर कहा कि इन विभागों के पुराने गौरव को लौटाने की आवश्यकता है ताकि लोग इनमें शामिल होकर गर्व महसूस कर सकें। होम गार्ड या नागरिक सुरक्षा का हिस्सा बनना गौरव की बात होती थी लेकिन अब ऐसा नहीं है। उन्होंने कहा कि अब मौजूदा व्यवस्था को नए सिरे से तैयार किया जा रहा है और इसे इसके पुराने स्वरूप में लाने की कोशिश हो रही है। सरकार ने नागरिक सुरक्षा के लिए 600 करोड़ रुपए का आवंटन किया है। समारोह में दोनों गृह रा'य मंत्री आरपीएन सिंह और एम. रामचंद्रन, विशेष कार्याधिकारी (भावी गृह सचिव) अनिल गोस्वामी, राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) के उपाध्यक्ष एम शशिधर रेड्डी, राष्ट्रीय आपदा रेस्पांस बल के प्रमुख पीएम नायर और केंद्रीय पुलिस एवं अर्धसैनिक बलों के महानिदेशक मौजूद थे।