बरेली. दक्षिण उत्तर प्रदेश में आदमखोर बाघिन का आतंक अभी खत्म नहीं हुआ है। रविवार को बाघिन ने एक और किसान की जान ले ली। इस बाघिन ने एक महीने के भीतर 8 लोगों को अपना शिकार बनाया है। 35 वर्षीय मृतक देवेंद्र सैनी बिजनौर के बढापुर गांव स्थित अपने खेत में काम कर रहा था, तभी आदमखोर बाघिन ने उस पर हमला बोल दिया। मृतक की पत्नी के मुताबिक बाघिन उसके पति को घसीटते हुए पास के जंगल में ले गई, जहां बाद में उसने उसके पति को मार डाला।
इस आदमखोर बाघिन ने 29 दिसंबर को मुरादाबाद जिले के 20 वर्षीय किसान विजय सिंह को अपना पहला शिकार बनाया था। तब से लेकर अब तक ये बाघिन 8 लोगों की जिंदगियां खत्म कर चुकी है। उधर, वन विभाग ने बाघिन को आदमखोर घोषित किया है। बाघिन को ठिकाने के लिए विभाग ने बाकायदा छह शूटरों की एक टीम तैयार की है।
वन विभाग ने उन इलाकों में पिंजड़े रखवाए हैं, जहां बाघिन का आतंक सबसे ज्यादा है। हालांकि, बिजनौर डिवीजन के उप मंडल अधिकारी सलिल शुक्ला का कहना है कि बाघिन दिन के वक्त गन्ने के खेत में छुप जाती है, लिहाजा उसे ढूंढना मुश्किल हो रहा है। अधिकारी के मुताबिक 90 फीसद इलाका गन्ने के खेत से अटा पड़ा है। ऐसे में शूटरों के लिए बाघिन को ठिकाने लगाना किसी चुनौती से कम नहीं है।