पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Three Men Detained In Eight Crore Car Loot In Delhi

दिल्ली लूट: करोड़ों की कार डकैती में हिरासत में तीन लोग, पुलिस को हरियाणा गिरोह पर शक

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

नई दिल्ली. दिल्ली के मूलचंद फ्लाइओवर के पास मंगलवार को हुई लूट मामले में पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस के मुताबिक तीनों हरियाणा गिरोह से संबंध रखते हैं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इस पूरे मामले में आरोपियों की संख्या 10 से ज्यादा हो सकती है। इससे पहले पुलिस ने शक के बिनाह पर होंडा सिटी के ड्राइवर राजेश कालरा को भी हिरासत में लिया है।

पुलिस जांच में पता चला है कि लूटी गई रकम दिल्ली के तीन कारोबारियों की थी। रकम इन्हीं कारोबारियों के पास पहुंचाया जाना था, लेकिन बीच में लूट लिया गया। कारोबारियों में राजेश कालरा का भी नाम है। पुलिस को शक है कि लूटे गए 8 करोड़ रुपये हवाला कारोबारियों का हो सकता है। आठ करोड़ रुपये की यह लूट दिल्ली में अब तक की सबसे बड़ी लूट है।

लूट का शिकार हुए कारोबारी राजेश कालरा का नाम साल 2000 में उस वक्त सामने आया था, जब दिल्ली में साउथ अफ्रीका के क्रिकेटर हैंसी क्रोनिए मैच फिक्सिंग केस का खुलासा हुआ था। पुलिस सूत्रों से मिल रही खबर के मुताबिक इसी मामले से बाहर निकलने के लिए राजेश कालरा ने सट्टेबाजी के साथ-साथ हवाला के पैसे को इधर-उधर करना शुरू कर दिया। कालरा प्रॉपर्टी के धंधे में भी काले धन को सफेद करने में लगा हुआ था। इसके बदले में वो कमीशन लेता है। पुलिस को शक है कि कालरा से लूटी गई 8 करोड़ की रकम इसी काम के लिए थे।


उधर, कालरा का कहना है कि जो रकम लूट ली गई, वह प्रॉपर्टी डील के लिए थी। हालांकि, पुलिस कालरा के अतीत को लेकर उलझन में है। कालरा ने पूछताछ में बताया कि वह होंडा सिटी ड्राइव कर करोल बाग स्थित बैंक में रकम जमा करने के लिए निकले थे, लेकिन मूलचंद फ्लाइओवर पर ही कुछ बदमाशों ने उनकी कार को ओवरटेक कर घेर लिया और 8 करोड़ लूट कर बदमाश चलते बने। कालरा ने बताया कि सभी हथियार बंद बदमाश थे। पुलिस ने बताया की घटना के करीब चार घंटे बाद उन्हें अगवा की गई होंडा सिटी कार मिली। जिसमें से दो खाली बैग बरामद हुए हैं।