नई दिल्ली. शिमला में 17 व मंडी में 24 साल का
बर्फबारी का रिकॉर्ड टूटने के बाद हिमाचल प्रदेश में रविवार को दस हजार पर्यटक फंस गए थे। सोमवार को इनमें से करीब तीन हजार को सुरक्षित निकाल लिया गया।
शिमला में रविवार को तापमान शून्य डिग्री के करीब था। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक मंगलवार के बाद यहां पारा माइनस एक डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। पहाड़ों पर लगातार बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश के चलते दिल्ली एनसीआर, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, पंजाब, चंडीगढ़ सहित उत्तर भारत के कई इलाकों में ठंड बढ़ गई है। मौसम विभाग के वैज्ञानिकों ने बताया कि राजस्थान के ऊपर कम दबाव का एक चक्रवात बना हुआ है, साथ ही कैस्पियन और काले सागर से उठे चक्रवात के इस कम दबाव वाले चक्रवात से टकराने पर पहाड़ों पर बर्फबारी और मैदानी इलाकों में ओले के साथ बारिश हुई है। सोमवार को भी बादल छाए रहने की संभावना है। लेकिन मंगलवार से अगले दो दिनों के लिए मौसम खुलेगा। इसके बाद फिर से चक्रवात के कारण बारिश की संभावना नजर रही है।
बारिश खत्म होते ही धुंध देगी दस्तक, गहराएगी ठंड
पश्चिमी विक्षोभ का असर सोमवार को कम हो जाएगा। बरसात की संभावना है, लेकिन उतनी नहीं, जितनी पिछले दो दिनों में रही है। मंगलवार से धुंध दस्तक दे सकती है। इससे सर्दी और गहरा सकती है। दिल्ली में 18-19 दिसंबर को फिर से आसमान में बादल छा सकते हैं। हालांकि, मौसम विभाग ने बरसात की संभावना नहीं जताई है। 16 दिसंबर को सूर्य के दर्शन हो सकते हैं।
हिमाचल प्रदेश में शनिवार से हो रही बर्फबारी और बारिश से जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। इससे पूरे उत्तर भारत में ठंड बढ़ेगी। हिमाचल के शिमला में 17 तो मंडी में 24 साल का बर्फबारी का रिकॉर्ड टूट गया है।
आगे की स्लाइड में पढ़ें शिमला में हुई भारी बर्फबारी के बारे में और देखें तस्वीरें...