अमृतसर. अजनाला के गांव गग्गो माहल में लगे मेडिकल कैंप के मरीजों की परेशानियां बढ़ती जा रही हैं। पीजीआई की ओर से गठित जांच टीम ने बुधवार को अपनी रिपोर्ट राम लाल ईएनटी एंड आई अस्पताल में भेजी। इस रिपोर्ट में कहा गया है कि 15 मरीजों की आंखों मंे इन्फेक्शन बढ़ते ही जा रहा है। अगर मरीजों की आंखों की इन्फेक्शन कंट्रोल नहीं होती है तो उनके आई बॉल्स को निकालना पड़ेगा।
डॉ. कर्मजीत सिंह ने बताया कि पीजीआई की रिपोर्ट उन्हें मिल चुकी है। पीजीआई से आई टीम ने अस्पताल में एडमिट 21 लोगों की आंखों की जांच की थी। जिनकी रिपोर्ट उन्होंने कल भेजी थी। उन्होंने बताया कि वह अभी मरीजों की आंखों की इन्फेक्शन कंट्रोल करने की कोशिशें कर रहे हैं। आई बॉल्स को निकालना आखिरी ऑप्शन होगा। अभी मरीजों को सबसे स्ट्रांग एंटी-बॉयटिक दिया जा रहा है। इससे कुछ सुधार की उम्मीद है।
अब तक आई अस्पताल पहुंचे 37 मरीज
डॉ. कर्मजीत सिंह ने बताया कि बुधवार को भी 60 वर्षीय रेखी अस्पताल में पहुंची है। उसकी आंखें में काफी सुधार है। उन्होंने बताया कि रेखी के आने के बाद अस्पताल में पहुंचने वाले मरीजों की गिनती 37 हो गई है। 25 अभी भी अस्पताल में एडमिट हैं। और 12 को ओपीडी में देखा जा रहा है। उन्होंने बताया कि 25 में से 7 मरीजों की आंखों में सुधार देखा जा रहा है।
बादल साहिब मरीजों के लिए निकालें समय: वेरका
एससीएसटी आयोग के उपाध्यक्ष डॉ. राजकुमार वेरका ने ईएनटी हॉस्पिटल में आखों के इलाज के लिए भर्ती मरीजों का हालचाल पूछा। उन्होंने कमेंट किया, बादल साहिब अमृतसर में पिछले दो दिन से हैं। विरसा विहार में दो-दो घंटे बैठकर नाटक देखने का उनके पास टाईम है। लेकिन, पिछले कई दिनों से अपनी आखें खो चुके गरीब परिवारों को देखने और उनका हालचाल पूछने के लिए हॉस्पिटल तक पहुंचने में उनको मुश्किल आ रही है। डॉ. वेरका ने मरीजों के इलाज के लिए डिप्टी कमिश्नर के रेड क्रॉस फंड में पांच लाख रुपए देने की घोषणा की।