अमृतसर. डायरेक्टोरेट रेवेन्यू ऑफ इंटेलीजेंस ने एयरपोर्ट से दो लोगों को गिरफ्तार कर 80 हजार यूरो (करीब 64 लाख भारतीय करंसी) बरामद किए हैं। आरोपियों की पहचान मोहित कुमार और अमित कुमार के तौर पर हुई है। डीआरआई को सूचना मिली थी कि आरोपी नकदी लेकर स्थानीय गुरु रामदास अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से फ्लाइट लेकर दुबई जाने वाले हैं। लेकिन डीआरआई की टीम ने इन्हें एयरपोर्ट के बाहर ही पकड़ लिया। इन आरोपियों के हवाला कारोबारियों के साथ लिंक बताए जा रहे हैं। डीआरआई की ओर से आरोपियों के बारे में ज्यादा खुलासा नहीं किया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक एक आरोपी अमृतसर और एक गुरदासपुर जिले से संबंधित है। डीआरआई को पास सूचना थी कि हवाला कारोबारियों तक पैसे पहुंचाने की कोशिश की जा रही है। इसी के तहत दोनों आरोपी रुपयों को यूरो में बदल कर दुबई ले जा रहे हैं। डीआरआई की टीम ने मंगलवार सुबह ही एयरपोर्ट पर ट्रैप लगा लिया। इन आरोपियों पर शक होने पर रोका गया और एयरपोर्ट के बाहर चेकिंग की गई। आरोपियों ने यह करंसी अपने अंडरवियर के अंदर छिपाई हुई थी, ताकि किसी को भी इस बारे में पता न चल सके। डीआरआई की ओर से जब पूरे कपड़े उतरवाकर चेकिंग की गई तो करीब 80 हजार यूरो बरामद हुए। आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है।
गौर हो कि दो दिन पहले भी डीआरआई ने सूचना मिलने पर पाकिस्तान से आने वाले माल गाड़ी से 13 किलो हेरोइन बरामद की थी, जो पाक तस्करों ने ट्रेन के डिब्बे के नीचे छिपाकर भेजी थी। ऐसा पहली बार था कि तस्करों ने हेरोइन की खेप आधा-आधा किलो के पैकेट बनाकर भेजी थी।
यह है नियम
विदेश जाने से पहले बताना पड़ता है कि वह कितनी राशि अपने साथ लेकर जा रहे हैं। उसका पूरा ब्यौरा पासपोर्ट पर देना पड़ता है, लेकिन आरोपियों की ओर से ऐसा नहीं किया गया था और ये गुपचुप तरीके से यूरो लेकर जा रहे थे।