अमृतसर। थाना कंटोनमेंट पुलिस ने गांव काऊके के पूर्व अकाली सरपंच सहित छह लोगों को गिरफ्तार कर 7 किलो 250 ग्राम हेरोइन बरामद की है। आरोपियों की पहचान पूर्व सरपंच जगीर सिंह, उसका बेटा लखविंदर सिंह, गांव बागड़ियां निवासी लवजीत सिंह, रणजीत सिंह, सुखविंदर सिंह और गांव भूसे निवासी पवनदीप सिंह के तौर पर हुई है। इन सभी के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। आरोपी एक सफेद रंग स्विफ्ट कार पीबी02-सीएच-6301 में जा रहे थे।
पुलिस कमिश्नर जतिंदर सिंह औलख ने बताया कि आरोपी जगीर सिंह के बारे में गुप्त सूचना मिली थी कि वह हेरोइन का धंधा करता है और उसके तार पाकिस्तान में जुड़े हुए। उनके पास सूचना थी कि आरोपी अपनी कार में सवार होकर हेरोइन की खेप को डिलीवर करने के लिए जा रहा है। इसी के तहत थाना कंटोनमेंट के प्रभारी गुरबिंदर सिंह ने अपनी पुलिस पार्टी के साथ माहल बाइपास पर सोमवार रात को नाकाबंदी की।
आरोपी कार में सवार होकर आ रहे थे। आरोपियों को रोका गया तो और कार की चेकिंग करनी चाही। लेकिन आरोपियों ने कार की चेकिंग करवाने से मना करने लग पड़े। सख्ती करने पर कार की चेकिंग की गई तो वहां से हेरोइन के पैकेट बरामद किए गए, जो आरोपियों ने कार की सीटों के नीचे छिपा रखे थे। इस दौरान कुल 7 किलो 250 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
पुलिस कमिश्नर ने बताया कि अभी तक की जांच में पता चला है कि आरोपियों के पाकिस्तान में बैठे तस्करों के साथ संबंध हैं और वहीं से हेरोइन की खेप मंगवा कर बेच देते हैं। आरोपी फिरोजपुर और
जम्मू कश्मीर के बाॅर्डर से खेप मंगवाते हैं। इन्हें अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा और आगे की पूछताछ की जाएगी।
(फोटो- थाना कंटोनमेंट की पुलिस ने जब आरोपियों की कार की तलाशी ली तो सीटों के नीचे से हेरोइन के पैकेट बरामद हुए।)