केंद्र ने जमीं से आसमां तक झोंक दी ताकत
केंद्र सरकार के प्रयासाें से बाढ़ की तबाही से बचाकर लाए गए लोगों ने एयरपोर्ट पहुंचकर राहत की सांस ली।
भास्कर न्यूज | राजासांसी
श्रीनगरमें बारिश से हुई भारी तबाही से प्रभावित लोगों को बचाने के लिए केंद्र सरकार ने जमीन से आसमान तक पूरी ताकत झोंक दी है। लोग भूखे रहें इसके लिए सरकार द्वारा अमृतसर के कारगो टर्मिनल से एयरफोर्स के जहाजों में 400 टन चावल श्रीनगर भेजा जा रहा है जो 3-4 दिन में पहुंचेगा। आज तक कुल 60 टन चावल भेजा जा चुका है और करीब 100 टन चावल एक्स-रे स्केनिंग करके कारगो टर्मिनल में भेजने के लिए रखा जा चुका है।
वायुसेनाबनी पीड़ितों का सहारा: सी-17जो कि वायुसेना का सबसे बड़ा हवाई जहाज है और जिसे ग्लोब मास्टर के नाम से भी जाना जाता है। इस अभियान में एक बार में ही 225 यात्री लेकर रहा है तथा लौटते वक्त 60 टन चावल श्रीनगर ले जा रहा है। इसके साथ ही सी-130 (हरक्यूलिस) भी इस अभियान में लगाए गए हैं। अमृतसर में राजीव तलवार स्टेशन कमांडर एयरफोर्स स्टेशन राजासांसी इस अभियान को अपनी सक्षम टीम के साथ अंजाम दे रहे हैं, जबकि कारगो अभियान में आईएएफ, एएआई, कस्टम्स, राज्य सरकार और एफसीआई का विशेष योगदान है।
एयरपोर्ट डायरेक्टर सुनील दत्त का कहना है कि अमृतसर एअरपोर्ट इस तरह के बड़े जहाज़ों के लिए एवं 600 यात्रियों के एक साथ आवागमन हेतु पूर्ण रूप से सक्षम है और कारगो अभियान भी सरलता से किया जा रहा है। एयरपोर्ट अथारिटी की एक विशेष टीम बनाई गई है जो इन सभी गतिविधियों का सक्षमता से संचालन कर रही है। एयरपोर्ट की हेल्पलाइन नंबर 09888398888 है जो 24 घंटे कार्यरत है। इसका उपयोग सभी यात्रियों एवं जनता द्वारा जानकारी के लिए किया जा सकता है। एरेंगो सोल्यूशन कंपनी द्वारा फ्री एसटीडी सुविधा हेल्पडेस्क पर की गई है, जिसका उपयोग श्रीनगर से लाये जाने वाले यात्रियों द्वारा किया जा रहा है।
सीआईएसएफ ने सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया है ताकि इस पूरे अभियान में कोई भी विघ्न सके। सीआईएसएफ के इंचार्ज डिप्टी कमांडेंट सुमन कुमार पूरी सुरक्षा व्यवस्था प्रदान कर रहे हैं।