सुल्तानविंड में जमा हुआ गंदा पानी
वार्ड 30 के अंतर्गत आते सुल्तानविंड की पत्ती बलोल में गंदगी और बारिश के पानी से स्थिति विकट बनी हुई है।
बृजेश पांडेय| अमृतसर
वार्डनंबर 30 के तहत आते सुल्तानविंड की पत्ती बलोल में बारिश से जमा पानी तथा गंदगी ने लोगों के लिए मुश्किलें खड़ी कर दी हैं। लोगों ने इलाका पार्षद तथा प्रशासन को कई बार बताया मगर इसे गंभीरता से नहीं लिया गया।
इलाकावासियों हरिंदर सिंह, प्रीतम सिंह, हीरा सिंह, मनदीप सिंह, अमर सिंह, जोगा सिंह, रणजीत सिंह, गुरबाग सिंह तथा दलबीर ने बताया कि जल निकासी और सीवरेज व्यवस्था होने के कारण इलाके में हमेशा ही गंदा पानी तथा कीचड़ जमा रहता है। इसी इलाके से होकर सड़क भाई मंझ रोड से मिलती है। 22 सितंबर को वहां पर बाबा राम दास जी का मेला लगना है। लोगों ने मेले के लिए खुद चंदा इकट्ठा कर गलियां बनाना शुरू कर दिया है। लोगों ने इलाका पार्षद दलबीर कौर तथा उनके पति मुख्तार सिंह पर अनदेखी का आरोप लगाया है। इस संदर्भ मेंं पार्षद का कहना है कि 60 लाख की लागत से पानी की निकासी के लिए डिस्पोजल प्लांट लगाया था। जब निकासी होने लगी तो चाटीविंड वासियों ने उसे बंद करवा दिया।