- Hindi News
- यूनिवर्सिटी में घुसे बाहरी युवक ने की फायरिंग, मची अफरा तफरी
यूनिवर्सिटी में घुसे बाहरी युवक ने की फायरिंग, मची अफरा-तफरी
दोनों गुटों में लंबे समय से चल रही थी रंजिश
भास्करन्यूज| अमृतसर
गुरुनानक देव यूनिवर्सिटी की सुरक्षा व्यवस्था की पोल उस वक्त खुल गई जब जब बाहरी युवकों ने कैंपस में घुस कर फायरिंग कर दी। खास बात तो यह रही है कि यूनिवर्सिटी प्रबंधन ने कार्रवाई करने की बजाय इन लोगों को पुलिस में शिकायत करने का सुझाव देकर इतिश्री कर ली।
यूनिवर्सिटी में चल रहे बी जोन के यूथ फेस्टिवल में गुरु की वडाली के कुछ लड़के आए हुए थे। बताया जाता है कि दो युवकों विशाल और गुरवीर के बीच पहले से ही रंजिश चल रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक इसमें से एक युवक ने दूसरे को देख कर मूछों को ताव देना शुरू कर दिया। इसके बाद दोनों में कहा-सुनी हो गई। फिर दोनों गुट बाहर गए और फायरिंग शुरू हो गई। इस कारण अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। यूनिवर्सिटी के सिक्योरिटी इंचार्ज लेफ्टिनेंट कर्नल हरबंस सिंह भी मौके पर पहुंच गए और थाना कंटोनमेंट की पुलिस को बुला लिया गया।। विशाल ने आरोप लगाया है कि गुरवीर ने उस पर फायर किया। खुद को निर्दोष बताते हुए उसने कहा कि वह प्रोग्राम देखने आया था और उसे गोली मारने की कोशिश की गई। फिलहाल पुलिस ने विशाल की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है।