- Hindi News
- गुज्जरों की लड़ाई में कांस्टेबल ने जान गंवाई
गुज्जरों की लड़ाई में कांस्टेबल ने जान गंवाई
वेरका मिल्क प्लांट के पास रेलवे ट्रैक पर पड़ी लाश का जायजा लेने पुलिस के अफसर भी पहुंचे।
भास्कर न्यूज | अमृतसर
रविवारशाम करीब 6 बजे एक समुदाय की आपसी लड़ाई की शिकायत मिलने पर मौके पर पहुंचे हवलदार राजकुमार की डीएमयू से कटकर मौत हो गई।
वह पुलिस चौकी मिल्क प्लांट वेरका में तैनात था। एसएचओ मोहकमपुरा गुरमीत सिंह के मुताबिक वेरका मिल्क प्लांट से कुछ दूरी पर रेलवे लाइन के पास गुज्जरों का बसेरा है। शाम पौने 6 बजे के करीब उन्हें सूचना मिली कि गुज्जर समुदाय के दो धड़ों के बीच झगड़ा हो रहा है। सूचना मिलते ही राजकुमार जो पुलिस चौकी मिल्क प्लांट वेरका में तैनात था, कुछ कर्मचारियों को साथ लेकर झगड़े वाली जगह की ओर रवाना हो गया। रेलवे लाइन के साथ-साथ कम जगह होने की वजह राजकुमार पैदल ही झगड़े वाली जगह की ओर चल पड़ा। दूर से उसे कुछ लोग झगड़ते हुए दिखाई दिए।
राजकुमार का पूरा ध्यान उन लोगों की तरफ था लिहाजा पीछे से रही डीएमयू के बारे में उसे पता नहीं चला। वेरका की तरफ से आने वाली इस डीएमयू ने राजकुमार को अचानक अपनी चपेट में ले लिया। इसके चलते कटकर मौके पर ही उसकी मौत हो गई।