पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • रेपिड ट्रांसपोर्ट सिस्टम नहीं, रेपिड उजाड़ो सिस्टम है बीआरटीएस : प्रो. चावला

रेपिड ट्रांसपोर्ट सिस्टम नहीं, रेपिड उजाड़ो सिस्टम है बीआरटीएस : प्रो. चावला

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
> विकास के नाम पर जनता पर कहर उचित नहीं

भास्करन्यूज | अमृतसर

भाजपाकी पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और पूर्व सेहत मंत्री प्रो. लक्ष्मीकांता चावला ने अमृतसर में चलाए जाने वाले बस रेपिड ट्रांसपोर्ट सिस्टम को शहर उजाड़ो सिस्टम करार दिया है। प्रो. चावला का कहना है कि रेपिड ट्रांजिट सिस्टम के अंतर्गत कुछ नई बसें चलाने के लिए पंजाब सरकार जनता की रोजी-रोटी का साधन उजाड़ रही है और हजारों वृक्षों को काट कर हरे भरे शहर को वीरान कर रही है।

उन्होंने कहा कि शहर की आवश्यकता के अनुसार जो सिटी बसें चलाई गई हैं, वह काफी हैं। अब पंजाब के उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल के इशारे पर शहर की सड़कें, दुकानें और खोखे तोड़-तोड़ कर जनता को भूखे मरने के लिए विवश किया जा रहा है। सरकार का यह काम उजाड़ने वाला है, निंदा योग्य है।

उन्होंने कहा कि नगर के बारह दरवाजों के आगे बनी सरकुलर रोड को चौड़ा किए जाने के नाम पर यहां पर बसे सैकड़ों दुकानदारों को भी उजाड़ने की तैयारी पंजाब सरकार ने कर ली है। विश्वस्त सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार नगर निगम अमृतसर ने सैकडों मकान, दुकानें, पुराने बारह दरवाजों की दीवारें तथा जो कुछ इस ऐतिहासिक नगर में बना है उसे तोड़कर सड़क खुली करने का फैसला लगभग कर लिया है। आश्चर्य यह है कि अमृतसर नगर निगम के जनता द्वारा चुने हुए सभी सदस्य, राजनीतिक दलों के नेता इस सरकारी कहर को देख-सुनकर खामोश बैठे हैं।

अच्छा है, अमृतसर की जनता अभी से सावधान होकर अपने शहर को बचाने के लिए एकजुट हो जाए। नेताओं पर कटाक्ष करते हुए वह बोलीं कि जनता ने जिन्हें विधायक और सांसद बनाकर भेजा है वे जाने कहां खामोश होकर अपनी-अपनी सुविधाओं का प्रबंध कर रहे हैं।