अमृतसर। वार्ड नंबर 5 के अजनाला रोड स्थित जुझार सिंह एवेन्यू की 10 गलियां पिछले डेढ़ साल से पक्की नहीं होने से वहां रहने वाले लोगों का पैदल चलना तक मुश्किल हो गया है। करीब 9 हजार की आबादी वाले इलाके में जाइका की ओर से सीवरेज तो डाला गया। मगर उसे अभी तक चालू नहीं किया गया। जिस वजह से लोगों ने जमीन में गर्कियां बनाकर घरों का पानी उसमें डालना शुरू किया है। सीवरेज बिछाने के कारण खोदी गई गलियां इतनी ऊबड़-खाबड़ बन गई हैं कि थोड़ी सी बारिश होने पर गलियों मेंं कई दिनों तक पानी जमा रहता है और कीचड़ ही कीचड़ हो जाता है।
इलाका निवासी कीमती लाल टांगरी, रमेश शर्मा, श्रेष्टा टांगरी, मीनू कुमारी, प्रधान इंद्रजीत सिंह, सपना रानी, रजनी बाला, परमिंदर सिंह, कांता कुमारी, पिंकी कुमारी, अनीता कुमारी, गुरदेव सिंह, रजिंदर कौर, रमेश पठानिया, जतिंदर खन्ना, दीपक कुमार, गंभीर सिंह ने बताया कि इलाका पार्षद रमनदीप कौर ने इलेक्शन से पहले जो वादे किए थे वह एक भी पूरा नहीं किया और कभी इलाके में आकर सुध ली। उन्होंने कहा कि गलियां कच्ची होने के कारण बरसात के दिनों में लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो जाता है।
बच्चे-बूढ़े घरों से बाहर निकलते समय गली में गिरकर जख्मी हो जाते हैं। जबकि स्ट्रीट लाइटों का भी प्रबंध नहीं होने के कारण रात के समय पूरे इलाके में अंधेरा छाया रहता है। इलाका वासियों का कहना है कि लोगों ने समस्या से निजात के लिए प्रति घर से 4 से 5 हजार रुपए उगाही करके खुद ही थोड़ी सी ईंटें लगाई हैं। उन्होंने निगम के आला अफसरों से इलाके की गलियां और अन्य विकास कार्य करवाने की अपील की।
कांग्रेस सरकार के वक्त हुआ विकास : औजला
जिलाकांग्रेस देहाती प्रधान गुरजीत सिंह औजला ने कहा कि इलाके में जो भी विकास हुआ है वह कांग्रेस सरकार के समय में ही हुआ है। कांग्रेस के कार्यकाल के दौरान इलाके में 60 से 70 लाख के काम करवाए गए हैं, जबकि गठबंधन सरकार की पार्षद ने अभी तक इलाके में कुछ विकास नहीं करवाया।
इलाका पार्षद रमनदीप कौर ने कहा कि जाइका की ओर से सीवरेज डालने के लिए पूरे इलाके में गलियां खोदी गई हैं। इसकी मिट्टी को पूरी तरह बैठने के लिए 6 महीने लग जाते हैं। इसके बाद तारकोल की सड़क बनाई जाएंगीं। मगर अभी तक तारकोल के प्लांट बंद हैं वह मार्च तक खुलेंगे। अजनाला रोड स्थित जुझार सिंह एवेन्यू के लोग गलियों में जमा कीचड़ और अन्य समस्याओं की जानकारी देते।