- Hindi News
- प्रॉपर्टी टैक्स में छूट की घोषणा सरासर धोखा : प्रो. चावला
प्रॉपर्टी टैक्स में छूट की घोषणा सरासर धोखा : प्रो. चावला
अमृतसर |समाज सेविका प्रो. लक्ष्मीकांता चावला ने प्रॉपर्टी टैक्स में छूट की सरकारी घोषणा को सरासर धोखा करार दिया है। उन्होंने कहा कि पिछले दिनों पंजाब की जनता थोड़ी राहत महसूस कर रही थी, क्योंकि सरकार ने 125 गज तक के मकानों को संपदा कर से मुक्त करने की घोषणा कर दी थी, पर वास्तव में यह जनता के साथ छलावा है, सरेआम धोखा है। सरकारी पिटारी से अब यह सच निकला है कि जिन मकानों पर दूसरी मंजिल बनी होगी उनसे यह टैक्स लिया जाएगा। कौन नहीं जानता कि शहरों के गलियों-बाजारों में लगभग सभी मकान दो-तीन मंजिल अवश्य होते हैं, इससे ज्यादा भी हो सकते हैं। इसका सीधा अर्थ यह है कि छोटे-बड़े सभी मकानों के मालिकों को प्रॉपर्टी टैक्स देना ही पड़ेगा। प्रो. चावला ने कहा कि सरकार यह फैसला वापस ले। छूट देने की घोषणा करके जनता से प्रॉपर्टी टैक्स वसूलने की यह चाल पंजाब की जनता अच्छी तरह समझती है और यह याद रखना होगा कि जनता अब किसी को भी माफ करने के मूड में नहीं है। सरकार से केवल इतना ही कहना है कि घूंघट में मुंह छिपाकर मत नाचो, अगर टैक्स लेना है तो फिर खुलकर यह घोषणा करें कि हर मकान पर प्रॉपर्टी टैक्स देना ही पड़ेगा।