- Hindi News
- दोफाड़ होने की कगार पर अमृतसर कैमिस्ट एसो.
दोफाड़ होने की कगार पर अमृतसर कैमिस्ट एसो.
वहीं, राजू शर्मा ने कहा है कि चुनाव 12 अक्टूबर को ही होंगे
दीपकभंडारी | अमृतसर
अमृतसरकैमिस्ट एसो. (एसीए) दोफाड़ होने के कगार पर पहुंच गई है। समय से चुनाव करवाने को लेकर पंजाब कैमिस्ट एसो. (पीसीए) के चेयरमैन सुरिंदर शर्मा और महासचिव सुरिंदर दुग्गल ने गत सप्ताह एसो. को भंग कर दिया था और अगले माह 19 अक्टूबर को चुनाव करवाए जाने की घोषणा कर दी थी।
किंतु राजू शर्मा का कहना है कि सुरिंदर को उन्हें हटाने का कोई अधिकार नहीं है, वह तो आज भी प्रधान हैं और एसीए के चेयरमैन विनोद समरा हैं। चुनाव करवाने का अधिकार तो उन्हें है। समरा के अनुसार एसीए के चुनाव 12 अक्टूबर को करवाए जाने हैं।
वहीं सुरिंदर शर्मा ने अब 19 अक्टूबर से स्थान पर 28 सितंबर को ही चुनाव करवाने की घोषणा कर दी है। इसके लिए 24 से 26 सितंबर तक नामांकन भरा जाना है। 27 को स्क्रूटनी होनी है। दोनों ही अपने साथ 300 से 400 कैमिस्टों के होने का दावा कर रहे हैं। जबकि सदस्यों की संख्या 410 है। दोनों की इस लड़ाई में कैमिस्ट खुद को फंसा हुआ महसूस कर रहे हैं। इनका मानना है प्रधानगी पाने की खातिर जो आपस में ही लड़ रहे हैं, वह ट्रेड का हित क्या करेंगे। ऐसे भी कई कैमिस्ट हैं जो किसी पचड़े में नहीं पड़ना चाहते और उन्होंने दोनों को ही सदस्यता के चैक सौंप दिए हैं।
सुरिंदर शर्मा ने कहा कि कुछ शरारती लोग अपने निजी फायदे के लिए एसो. का गलत इस्तेमाल कर रहे हैं। नियमों के अनुसार एसो. के चुनाव 2013 में ही हो जाने चाहिए थे, लेकिन मौजूदा प्रधान ऐसा करवाने में नाकाम रहे। इसीलिए पीसीए को एसो. को भंग करने का कदम उठाना पड़ा। उन्होंने माना कि एसो. दोफाड़ होने के कगार पर पहुंच गई है। अब दोनों में से एसीए का मार्क किस के पास जाता है, इसमें संशय बरकरार है।
वहीं राजू शर्मा ने कहा कि वह अभी भी प्रधान हैं और बाडी को भंग करने का अधिकार विनोद समरा के पास है। हालांकि शर्मा ने 27 सितंबर को चुनाव करवाने की संभावना से इंकार किया है। वहीं विनोद समरा ने कहा कि सुरिंदर के पास कोई अधिकार नहीं है कि वह एसीए की बाडी को भंग कर चुनाव करवाने की घोषणा कर सके। समरा ने कहा कि कुछ लोग अपने फायदे के लिए एसो. को दोफाड़ करने में लगे हुए हैं।