- Hindi News
- मुख्यमंत्री पुलिस की नकेल कसें : लक्ष्मीकांता चावला
मुख्यमंत्री पुलिस की नकेल कसें : लक्ष्मीकांता चावला
भाजपाकी वरिष्ठ नेता प्रो. लक्ष्मीकांता चावला ने कपूरथला के एक पुलिस स्टेशन में सास-बहू पर कहर ढाने और उन्हें बिजली के करंट लगाकर तड़पाने के मामले को गंभीरता से लिया है। मुख्यमंत्री परकाश सिंह बादल से उन्होंने कहा कि ऐसी शर्मनाक घटनाओं से ऐसा लगता है स्वतंत्र भारत की पुलिस को अभी भी अंग्रेजों के भूत ने जकड़ा हुआ है। इन्हें समझाना होगा कि देश स्वतंत्र है और नागरिकों के साथ सभ्य व्यवहार करें।
उनका कहना है कि कुछ दिन पहले अमृतसर पुलिस ने स्कूल बस के तीन कर्मचारियों पर अमानवीय जुल्म किए और लुधियाना के एक थाने में बच्चे को पीटने की शर्मनाक घटना भी टीवी चैनलों ने दिखाई। अमृतसर के सीआईए स्टाफ ने जिस तरह कचहरी से गवाही देकर निकले एक युवक की जेब में नशे की पुड़िया डाल कर उसे फंसाने का प्रयास किया उससे तो पंजाब पुलिस की पूरी पोल खुल गई कि बेकसूरों को किस तरह कानून के जाल में फंसाया जा रहा है।
प्रो. चावला का कहना है कि ऐसी एक नहीं, अनेक घटनाएं पूरे देश में प्रतिदिन हो रही हैं। हिंदुस्तान के आम नागरिकों को अभी तक यह आभास ही नहीं हो रहा कि वे स्वतंत्र भारत के स्वतंत्र नागरिक हैं। पंजाब सरकार और भारत के गृह मंत्री इन घटनाओं की ओर ध्यान दें तथा पुलिस के हाथों जनता के गैर इंसानी शोषण को बंद करवाएं। उनका कहना है कि सरकार से यह उम्मीद है कि वह जुल्म करने वाले पुलिस अधिकारियों को कठोर दंड दे और उन्हें सलाखों के पीछे बंद करें।