रटौल का चेकअप पीजीआई से करवाओ
> एडवोकेट विनीत महाजन पर जानलेवा हमला करने के आरोप में नामजद है रटौल
भास्करन्यूज | अमृतसर
एडवोकेटविनीत महाजन पर हमला आरोपी भाजपा पार्षद प्रभजीत सिंह रटौल का चेकअप पीजीआई से करवाने के लिए सेशन जज गुरबीर सिंह की अदालत ने जेल सुपरिंटेंडेंट को आदेश जारी किए हैं। रटौल का चेकअप करवाने के बाद पूरी रिपोर्ट जल्द से जल्द कोर्ट को सौंपने के लिए कहा है कि आखिरकार उसे क्या बीमारी है, जो पिछले चार महीनों से वह लगातार अस्पताल में इलाज करवा रहा है। इस संबंध में महाजन के वकील संदीप गोरसी ने अदालत के समक्ष याचिका दायर की थी। मामले को लेकर गुरु नानक देव अस्पताल के डाक्टरों की टीम शुक्रवार को अदालत में पेश हुई। आरोपी रटौल के चेकअप में हुई देरी को लेकर अदालत ने डाक्टरों की टीम को जमकर झाड़ लगाई।
जानकारी के मुताबिक शुक्रवार को सुनवाई दौरान सेशन जज डाॅक्टरों से जवाब मांगा कि रटौल का चेकअप करवाया गया या नहीं। इस पर डाॅक्टरों की टीम ने जवाब दिया कि वह अदालत के आदेशों का इंतजार कर रहे हैं। इस पर मामले में हो रही देरी को लेकर सेशन जज ने डाॅक्टरों की जमकर झाड़ लगाई और तुरंत आदेश जारी करते हुए जेल सुपरिंटेंडेंट को कहा कि रटौल का चेकअप पीजीआई से करवाया जाए और अदालत में इसकी रिपोर्ट सौंपी जाएं।
गौर हो कि रटौल ने 9 मई की शाम को विनीत महाजन पर अपने साथियों के साथ हमला किया था। पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। इसके बाद रटौल अंडर ग्राउंड हो गया था। जिसे 31 जुलाई को स्टेट स्पेशल सेल ने गिरफ्तार कर लिया था। इसके कुछ ही दिन के बाद वह शुगर, रीढ़ में दर्द और छाती में दर्द की बात कहकर अस्पताल में भर्ती हो गया था। करीब एक महीना अस्पताल में रहने के बाद रटौल वापस जेल गया, लेकिन कुछ ही दिनों में वह दोबारा अस्पताल शिफ्ट हो गया था।