आप ने कहा, अब पंजाब की बारी
दिल्लीमें आम आदमी पार्टी की ओर से दर्ज की गई धुआंधार जीत से उत्साहित पार्टी वालंटियर ने मंगलवार दोपहर शहर में विजय यात्रा निकाली। कंपनी बाग में महात्मा गांधी के बुत से पार्टी की प्रदेश डिसीप्लिनरी कमेटी के चेयरमैन डाॅ. दलजीत सिंह और स्टेट वर्किंग कमेटी के मैंबर सर्बजीत सिंह गुमटाला के नेतृत्व में सैकड़ों पार्टी कार्यकर्ताओं ने केजरीवाल जिंदाबाद, आम आदमी पार्टी जिंदाबाद के नारों के बीच विजय यात्रा की शुरुआत की।
जीत के इस जश्न के दौरान पार्टी वालंटियर ने लड्डुओं से एक-दूसरे का मुंह मीठा करवाया और गले मिलकर मुबारकबाद दी। काफिले की शक्ल में पार्टी के कार्यकर्ता शहर के विभिन्न बाजारों से होते हुए श्री दरबार साहिब पहुंचे और माथा टेका। इसके बाद विजय यात्रा में शामिल नेता और कार्यकर्ता श्री दुर्ग्याणा तीर्थ पहुंचे और ठाकुर जी का आशीर्वाद लिया। इस मौके पर अशोक तलवार, भूपिंदर सिंह बमराह, एडवोकेट राकेश खन्ना के अलावा पार्टी वर्कर भारी गिनती में मौजूद थे।
आज भी निकाली जाएगी विजयी यात्रा
पार्टीके जिला कन्वीनर हरिंदर सिंह और प्रदेश डिसीप्लिनरी कमेटी के मैंबर नरिंदर सिंह वालिया ने कहा कि जीत की खुशी में बुधवार नेहरू शाॅपिंग कांप्लैक्स में सुबह 8 से 10 बजे तक श्री सुखमणि साहिब जी का पाठ होगा। इसके बाद नेहरू शाॅपिंग काम्प्लैक्स से एक विजयी यात्रा निकाली जाएगी। जो जलियांवाला बाग में पहुंचेगी।
दिल्ली चुनावों में ‘आप’ की जीत पर जश्न मनाते डाॅ. दलजीत सिंह, सर्बजीत सिंह गुमटाला और अन्य। इस मौके पर पार्टी वालंटियर्स ने लड्डुओं से एक-दूसरे का मुंह मीठा करवाया और गले मिलकर मुबारकबाद दी।