अमृतसर. पीपल्स पार्टी ऑफ पंजाब के जिला प्रधान
मनमोहन सिंह गुमटाला ने कैबिनेट मंत्री अनिल जोशी के भाई पार्षद राजा जोशी पर अकाली नेताओं की ओर से किए हमले की निंदा की है।
उन्होंने पंजाब के उप मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल को इस घटना की जिम्मेवारी लेने और तुरंत इस्तीफा देने की मांग की। गुमटाला ने कहा कि नगर कौंसल चुनावों की वार्ड बंदी को लेकर गत दिवस तरनतारन कोर्ट कांप्लेक्स में अकालियों ने गुंडागर्दी करके ज्युडीशियल का मजाक उड़ाया है। जबकि मौके पर खड़ी पुलिस भी मूकदर्शक बनी रही।
उन्होंने कहा कि शिरोमणि अकाली दल हमेशा गुंडागर्दी की राजनीति करती आई है और अभी तक जारी है। इनकी गुंडागर्दी किसी से छिपी नहीं है। उन्होंने कहा कि पंजाब पुलिस के एएसआई को सरेआम गोलियां मारना, लुधियाना में एक अधिकारी की टांग तोड़ने के अलावा अन्य कई मामले सामने आए हैं।
उन्होंने कहा कि अकालियों की गलत नीतियों से आज पंजाब को नशेड़ी पंजाब का नाम दे दिया गया है और अब गुंडागर्दी की राजनीति के बाद पंजाब को गुंडा पंजाब का नाम दे दिया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि गुंडागर्दी को उप मुख्यमंत्री सुखबीर बादल शह दे रहे हैं और इस घटना की जिम्मेवारी लेते हुए तुरंत अपने पद से त्याग पत्र देना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि राज्य में पीपीपी की सरकार बनते ही जनता को मूलभूत सुविधाओं के साथ-साथ कानूनी राज भी मिलेगा।