- Hindi News
- संगत दर्शन में महिला ने बादल से मांगा इंसाफ
संगत दर्शन में महिला ने बादल से मांगा इंसाफ
सीएम ने पुलिस अफसरों को दिए परमजीत कौर को इंसाफ दिलाने के आदेश
भास्करन्यूज | अमृतसर
\\\"बादलसाहिब मेरे घरवाले (पति) को मार-मार कर अधमरा कर दिया। वह पिछले 5 दिनों से सिविल अस्पताल में जिंदगी और मौत से लड़ रहा है। यदि मुझे इंसाफ मिला तो मैं अपनी जान दे दूंगी।\\\' यह शब्द न्यू शहीद उधम सिंह नगर के सूखे तालाब इलाके की महिला परमजीत कौर ने कहे। वह गुरुवाली में मुख्यमंत्री परकाश सिंह बादल के संगत दर्शन में इंसाफ मांगने पहुंची थी। बादल ने पुलिस अफसरों को महिला की बात सुन उसे इंसाफ दिलाने के आदेश जारी कर दिए हैं।
परमजीत कौर ने बताया कि उसका पति हरिंदर सिंह वल्ला स्थित श्री गुरु राम दास इंस्टीट्यूट आफ मेडिकल साइंसिज के सामने दवाओं की दुकान चलाता है। वहीं पर गोल्डी मेडिकल स्टोर के मालिक ने अस्पताल के अंदर दवाओं की दुकानों का ठेका ले रखा है। वह महंगी दवाएं बेचता है और उसका पति सस्ती दवाएं देता है। इसी को लेकर गोल्डी और उसके भाई उसके पति हरिंदर की जान के दुश्मन बन गए हैं। 6 दिसंबर को गोल्डी के भाई गुरमेज सिंह और सुखप्रीत सिंह ने हरिंदर पर जानलेवा हमला कर दिया। अब उसे और उसके दोनों बच्चों को मार देने की धमकियां दी जा रही हैं और पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। वहीं हरिंदर सिंह की मां बलविंदर कौर ने भी बादल से गुहार लगाई कि आरोपियों से उसके परिवार की सुरक्षा की जाए।
बादल ने पुलिस अफसरों को महिला की पूरी बात सुनने और गहन छानबीन के बाद कार्रवाई करने के आदेश जारी कर दिए हैं। महिला बार-बार चिल्ला कर कह रही थी कि सियासी दबाव में पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है और यदि उसे इंसाफ मिला तो वह अपनी जान दे देगी।
सीएम ने भरोसा दिलाया कि वह नाइंसाफी नहीं होने देंगे। फोटो| संजय वालिया
परमजीत ने कहा कि उसके पति पर हमला करने वालों को गिरफ्तार किया जाए।