पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • अकाली पार्षद के गोदाम से शराब की 30 पेटियां बरामद

अकाली पार्षद के गोदाम से शराब की 30 पेटियां बरामद

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
शनिवाररात करीब साढ़े आठ बजे थाना छेहर्टा पुलिस ने कोट खालसा इलाके में अकाली पार्षद के गोदाम से 30 से ज्यादा अंग्रेजी शराब की पेटियां बरामद की हैं। शराब बेचने के लिए पार्षद के कारिंदों ने शनिवार को इलाके में गुंडागर्दी की तो इलाके के लोगों और भाजपा वर्करोंं ने इसका जमकर विरोध किया। इसके तहत मौके पर पहुंची पुलिस ने शराब की पेटियां बरामद की। थाना छेहर्टा के एसएचओ हरीश बहल ने बताया कि पार्षद सुखबीर सिंह सोनी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।

भाजपा के जिला सचिव राकेश शर्मा लक्की ने बताया कि कोट खालसा इलाके में वार्ड नंबर 60 का अकाली पार्षद सोनी अवैध तौर पर शराब का धंधा करता है। उसने अपने घर के साथ ही एक कमरा लेकर गोदाम बनाया हुआ है, जहां पर वह शराब रखता है। पार्षद के कारिंदे कोट खालसा पुलिस चौकी के पीछे पार्क में शराब बेचते हैं। पार्क के पास ही लोगों की गाड़ियां खड़ी होती हैं, जिनके नीचे ये लोग शराब रख देते हैं। इसी तहत शनिवार शाम को सोनी के कारिंदों ने इलाके में रहते पन्ना लाल की कार के नीचे शराब रख दी और गली में खड़े होकर बेचना शुरू कर दिया।

पन्ना लाल ने अपनी गाड़ी के नीचे से शराब हटाने को कहा तो सोनी ने अपने गुंडों को भेजा और पन्ना लाल पर हमला करवा दिया। गुंडों ने आकर पन्ना लाल के घर पर जमकर ईंट-पत्थर बरसाए। जानकारी मिलने पर थाना छेहर्टा पुलिस मौके पर पहुंची और गोदाम की तलाशी ली गई, जहां से 30 से ज्यादा अंग्रेजी शराब की पेटियां बरामद हुईं। भाजपा वर्करों ने मांग करते हुए कहा कि पार्षद सहित उसके करिंदों के खिलाफ केस दर्ज किया जाए।

वहीं पार्षद सुखबीर सिंह सोनी ने कहा कि वह कोई भी गैर-कानूनी काम नहीं करते हैं। शराब किसकी है। इस बारे में उन्हें कुछ पता नहीं है। जिस कमरे की बात की जा रही है। वह उनकी नहीं है। जिसका कमरा है। उससे पूछा जाए कि शराब किसकी है। बिना किसी कारण के उन्हें फंसाने की कोशिश की जा रही है।

थाना छेहर्टा के इलाके कोट खालसा में पुलिस की ओर से पकड़ी शराब की पेटियों को उठाकर ले जाते पुलिस कर्मचारी।