पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • पायनियर स्कूल प्रबंधन पर धोखाधड़ी का केस

पायनियर स्कूल प्रबंधन पर धोखाधड़ी का केस

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
थानासदर पुलिस ने फतेहगढ़ चूड़ियां रोड स्थित पायनियर स्कूल के प्रबंधक बलजीत खन्ना, दविंदर खन्ना और आंचल खन्ना के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज किया है। यह केस पंजाब एंड सिंध बैंक फव्वारा चौक ब्रांच के असिस्टेंट मैनेजर परमजीत भाटिया की शिकायत पर दर्ज किया गया है। बैंक का आरोप है कि उक्त लोगों ने स्कूल की जमीन गिरवी रख कर कर्जा लिया था, जिसे अदा नहीं किया गया तो बैंक ने स्कूल सील कर दिया। बावजूद इसके उक्त लोगों ने सील को तोड़ कर स्कूल की प्रॉपर्टी पर कब्जा कर लिया। फिलहाल इन आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया जा सका है।

असिस्टेंट मैनेजर परमजीत भाटिया ने अपनी शिकायत में बताया कि उक्त लोगों ने फतेहगढ़ चूड़ियां रोड स्थित जमीन को बैंक के पास गिरवी रखकर कर्ज ले लिया। इसके बाद जमीन पर पायनियर स्कूल का निर्माण कर दिया, लेकिन प्रबंधकों की ओर से बैंक कर्ज की किश्तें अदा नहीं की, जो ब्याज सहित 9 करोड़ 56 लाख की रकम बन गई। बैंक की ओर से बार-बार नोटिस जारी कर प्रबंधकों को कर्ज की किश्त अदा करने के लिए कहा गया, लेकिन उन्होंने इस तरफ कोई ध्यान नहीं दिया। इस कारण मजबूरन बैंक ने अक्टूबर महीने में स्कूल को सील कर दिया, लेकिन उक्त आरोपियों ने गैर-कानूनी तरीके से 9 अक्टूबर 2014 को सील तोड़ दी, वहां पर लगाया नोटिस फाड़ डाला और दोबारा से स्कूल को शुरू कर दिया बैंक की प्राॅपर्टी पर कब्जा कर लिया।

मामले की जांच कर रहे एएसआई तरसेम सिंह ने कहा कि बैंक की ओर से शिकायत दी गई थी। इस पर एसीपी बलकार सिंह ने जांच की और इस दौरान उक्त लोगों को आरोपी पाया गया। इस जांच के बाद ही इन लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। इन्हें पकड़ने के लिए कार्रवाई शुरू कर दी है। स्कूल प्रबंधक दविंदर खन्ना ने कहा कि बैंक की ओर से गुंडागर्दी की जा रही है, जो केस उनके खिलाफ दर्ज करवाया गया है। वह पूरी तरह से गलत है। गैर-कानूनी तरीके से करवाया गया है, जबकि उनके पास कोर्ट का स्टे है। कोर्ट से आज्ञा लेने के बाद ही उन लोगों ने स्कूल को खोला था, जबकि बैंक के रिकवरी एजेंट गुंडागर्दी कर रहे हैं।