पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • अहमदिया मुस्लिम जमात ने पढ़ाया इंसानियत का पाठ

अहमदिया मुस्लिम जमात ने पढ़ाया इंसानियत का पाठ

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
अहमदियामुस्लिम जमात की तरफ से शनिवार की रात हुए रूबरू प्रोग्राम में अमन, भाईचारा, प्यार-मोहब्बत और इंसानियत का पाठ पढ़ाया गया। इस मौके पर अन्य धर्मों के नुमाइंदे भी मौजूद रहे। कादियां से पैदा हुई इस जमात के पैरोकारों ने जमात के संस्थापक हजरत मिर्जा गुलाम अहमद साहिब कादियानी की विचारधारा को लोगों के समक्ष रखा तथा वर्तमान रुहानी खलीफा हजरत मिर्जा मसरूर अहमद के बारे में भी चर्चा की।

जमात के चीफ सेक्रेटरी मोहम्मद इनाम गौरी और सेक्रेटरी मोहम्मद नसीब खान ने अपने संबोधन में कहा कि मिर्जा साहिब ने 100 साल पहले इस जमात की स्थापना की और सभी को प्रेम-प्यार, अमन-शांति तथा इंसानियत का पाठ पढ़ाया। उन्होंने 1854 में 26 से 29 दिसंबर तक लाहौर में सर्वधर्म सम्मेलन करवाया। उसके बाद से हर साल इस सम्मेलन का सिलसिला चलता रहा है। दुनिया के करीब 206 देशों में फैली इस जमात का मुख्य मकसद सभी धर्मों का सत्कार करना, मिल-जुल कर रहना और प्यार बांटने की सीख देना है। उक्त लोगों ने कहा कि जिस तरीके से आज हालात चल रहे हैं उसके मद्देनजर जमात ही नहीं बल्कि हरेक धर्म और जाति से जुड़े लोगों को इंसानियत की हिफाजत के लिए आगे आना चाहिए। उक्त लोगों का कहना है कि धर्म में रही खामियों के कारण आए दिन दंगे और फसाद हो रहे हैं, मजहब के नाम पर आतंकवाद को पाला जा रहा है।

इन लोगों ने सभी से अपील की कि एकजुट होकर शांति के लिए काम करें। इस मौके पर मोहम्मद हमीद कौसर, मोहम्मद इस्माइल ताहिर, मुनीर हाफिज आबादी, सैयद तनवीर, कारी नवाब अहमद, रफीक अहमद, ज्ञानी समीमा अहमद, मुजाहिद शास्त्री, पूर्व राज्यपाल एवं वरिष्ठ कांग्रेसी नेता आरएल भाटिया, एसजीपीसी मेंबर किरण जोत कौर अन्य धर्मों के नुमाइंदे भी पहुंचे हुए थे।